धोनी के बाद सुरेश रैना को PM मोदी का खत, लिखा-हमेशा टीम भावना के लिए किए जाएंगे याद

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में लिखा कि उन्होंने मोटेरा में 2011 विश्व कप क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ सुरेश रैना की 34 रन की नाबाद पारी का पूरा मजा लिया था।

इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को चिठ्ठी लिखने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना को भी चिठ्ठी लिखी। रैना ने अपने पसंदीदा कप्तान धोनी के फैसले का अनुसरण करते हुए 15 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट से अलविदा करने का ऐलान किया था। 
सुरेश रैना ने अपने ट्विटर पर ट्वीट कर प्रधानमंत्री के पत्र की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘जब हम खेलते हैं, तब हम अपना खून और पसीना देश के नाम कर देते हैं। इससे बेहतर तारीफ कुछ और नहीं हो सकती जब आपको लोगों से प्यार मिलता है और देश के पीएम का स्नेह प्राप्त होता है। नरेंद्र मोदी जी आपकी प्रशंसा भरे शब्दों और शुभकानाओं के लिए शुक्रिया। मैं कृतज्ञता से इसे स्वीकार करता हूं। जय हिंद।’


वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में लिखा, ‘‘मैं संन्यास शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहता क्योंकि आप को काफी युवा और ऊर्जावान हैं। आपके क्रिकेट कैरियर में कई बार चोटों के कारण आपको नाकामी झेलनी पड़ी लेकिन आप हर बार उन चुनौतियों से निखरकर आए।’’

प्रधानमंत्री ने पत्र में लिखा कि उन्होंने मोटेरा में 2011 विश्व कप क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया के खिलाफ रैना की 34 रन की नाबाद पारी का पूरा मजा लिया था। भारत 2011 विश्व कप में आपकी प्रेरणास्पद भूमिका को नहीं भुला सकता। मैने मोटेरा स्टेडियम में आस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में आपको पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाते देखा।’’ 
प्रधानमंत्री  मोदी ने कहा, ‘‘मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि प्रशंसकों को आपके कवर ड्राइव्स की कमी खलेगी जो मैने उस दिन देखे।’’ उन्होंने रैना को परिपक्व ‘टीम मैन’ बताया जो दूसरों की सफलता का जश्न मनाता था। उन्होंने लिखा, ‘‘सुरेश रैना हमेशा टीम भावना के लिए याद किए जाएंगे। आपने निजी रिकार्ड के लिए नहीं बल्कि टीम के और देश के गौरव के लिए खेला।’’
 उन्होंने लिखा, ‘‘टीम पर आपको उत्साह प्रेरणास्पद था और हमने देखा है कि विरोधी टीम का विकेट गिरने पर सबसे पहले आप ही जश्न मनाते थे।’’ मोदी ने कहा, ‘‘एक बल्लेबाज के तौर पर आप सभी प्रारूपों खासकर टी20 में बखूबी ढले हुए थे। यह आसान प्रारूप नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इसमें काफी चुस्ती फुर्ती की जरूरत होती है आपकी रफ्तार और चुस्ती टीम के लिए काफी काम आती रही है।’’
प्रधानमंत्री ने उनके चुस्त क्षेत्ररक्षण की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘आपकी फील्डिंग शानदार और मिसाल रही। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ बेहतरीन कैच आपने लपके। चुस्त क्षेत्ररक्षण से आपने कई रन बचाए।’’ उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान और महिला सशक्तिकरण में योगदान के लिए भी रैना की सराहना की। 
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि आप भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े हैं और हमारे गौरवशाली लोकाचार के साथ-साथ भारतीय मूल्यों से युवाओं के जुड़ाव को गहरा करने पर मुझे गर्व है।’’ मोदी ने कहा ,‘‘मुझे विश्वास है कि आप आने वाले समय में जो भी करेंगे, उसमें इतनी ही सार्थक और सफल पारी रहेगी।’’

Desk Team