Ahmedabad Plane Crash:  विमान में सवार लोगों की आ गई लिस्ट, देखें यहां

Summary :

विमान में सवार लोगों की आ गई लिस्ट

इस विमान में 230 यात्री और चालक दल के 12 सदस्य सवार थे. यह एक बोइंग विमान था जो अहमदाबाद से अंतरराष्ट्रीय उड़ान पर रवाना हुआ था. लिस्ट के मुताबिक, विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई, सात पुर्तगाली भी सवार थे.

Ahmedabad Plane Crash: गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार को एक गंभीर विमान दुर्घटना हुई है. एयर इंडिया की एक फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, लेकिन टेकऑफ के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गई. इस विमान में लगभग 242 यात्री सफर कर रहे थे. वहीं इस विमान में सफर कर रहे लोगों की लिस्ट आ गई है. नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान में 230 यात्री और (क्रू मेंबर) चालक दल के 12 सदस्य सवार थे. यह एक बोइंग विमान था जो अहमदाबाद से अंतरराष्ट्रीय उड़ान पर रवाना हुआ था. लिस्ट के मुताबिक, विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई, सात पुर्तगाली भी सवार थे.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान को उड़ान भरते ही असामान्य ढंग से नीचे गिरते देखा गया और इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका सुनाई दिया. हादसे के तुरंत बाद, पूरे इलाके में घना काला धुआं फैल गया. स्थानीय निवासियों के अनुसार, पहले एक तेज़ आवाज़ आई और फिर कई घरों की खिड़कियां तक हिल गईं. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए.

आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. उन्होंने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और आग पर काबू पाने की कोशिशें कीं. अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने बताया कि घटनास्थल पर कई दमकल गाड़ियां भेजी गई हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

पुलिस उपायुक्त कानन देसाई ने जानकारी दी कि हादसे में घायल कई लोगों को अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, अभी तक कितने लोग हताहत हुए हैं, इसका स्पष्ट आंकड़ा सामने नहीं आया है. अधिकारियों का कहना है कि घायलों और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.

PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना को लेकर चिंता जताई है और गृह मंत्री अमित शाह व नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की है. प्रधानमंत्री ने दोनों को तुरंत अहमदाबाद जाकर स्थिति का जायज़ा लेने और प्रभावितों को हर संभव सहायता देने का निर्देश दिया. इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं.

Ahmedabad Plane CrashAhmedabad Plane Crash: 20 से अधिक छात्रों के मौत की खबर

एअर इंडिया ने दी प्रतिक्रिया

एअर इंडिया ने एक्स पर एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “AI171 जो आज, 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भर रही थी, वह हादसे का शिकार हो गई है. हम स्थिति की जानकारी जुटा रहे हैं और सभी अपडेट्स जल्द ही साझा किए जाएंगे.”

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।