एयर इंडिया का बड़ा फैसला, इंटरनेशनल उड़ानों में होगी 15 प्रतिशत कटौती

Summary :

। यह कटौती 20 जून तक लागू की जाएगी

एयर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे के बाद 15 प्रतिशत अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की कटौती की घोषणा की है। यह कदम रिजर्व विमानों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए उठाया गया है ताकि अप्रत्याशित बाधाओं का समाधान किया जा सके। यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानें और रिफंड की सुविधा दी जाएगी।

अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एयर इंडिया ने बुधवार को घोषणा की कि वह अपनी वाइड-बॉडी विमानों से संचालित अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में 15 प्रतिशत की कटौती करेगी। यह कटौती 20 जून तक लागू की जाएगी और कम से कम जुलाई के मध्य तक जारी रहेगी। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा, “यह कदम हमारे पास रिजर्व विमानों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित बाधा का समय पर समाधान किया जा सके। यह निर्णय हाल ही में एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लिया गया है, जिसमें 241 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की दुखद मृत्यु हुई। एयरलाइन ने कहा कि यह कटौती परिचालन में स्थिरता बनाए रखने, बेहतर दक्षता सुनिश्चित करने और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के उद्देश्य से की जा रही है।

एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों से माफी मांगते हुए बताया कि उन्हें अग्रिम सूचना दी जाएगी और वैकल्पिक उड़ानों में स्थान देने का पूरा प्रयास किया जाएगा। यात्री अपनी यात्रा को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दोबारा शेड्यूल कर सकते हैं या फिर पूरा रिफंड प्राप्त कर सकते हैं।एयरलाइन ने कहा कि 20 जून से लागू होने वाला नया अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का शेड्यूल जल्द साझा किया जाएगा। डीजीसीए द्वारा एयर इंडिया के बोइंग 787-8/9 विमानों पर ‘एन्हांस्ड सेफ्टी इंस्पेक्शन’ (उन्नत सुरक्षा जांच) अनिवार्य कर दी गई है। कुल 33 में से 26 विमानों की जांच पूरी हो चुकी है और उन्हें सेवा के लिए मंजूरी दी गई है। बाकी विमानों की जांच आने वाले दिनों में पूरी हो जाएगी। साथ ही, एयर इंडिया ने यह भी कहा कि बोइंग 777 विमानों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा जांच की जाएगी और सभी संबंधित एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग जारी रहेगा।

अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे में 202 DNA सैंपल की पुष्टि, हर्ष सांघवी ने दी जानकारी

एयर इंडिया ने बताया कि गुजरात सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के समन्वय से मृतकों के परिजनों और घायलों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। एयरलाइन ने कहा, “यह एक आवश्यक कदम है, ताकि परिचालन स्थिरता बहाल की जा सके और यात्रियों को आखिरी समय में होने वाली असुविधा से बचाया जा सके। हमें विश्वास है कि देशवासियों, यात्रियों और सभी हितधारकों के सहयोग से हम इस कठिन दौर से उबरेंगे।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.