कोरोना लॉकडाउन के चौथे चरण में सोमवार से (25 मई) दोबारा शुरू हो रही घरेलू उड़ानों के लिए जारी मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) के मुताबिक 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए आरोग्य सेतु ऐप अनिवार्य नहीं होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने गुरुवार को घरेलू उड़ानों के लिए एसओपी जारी की।
एएआई की ओर से जारी एसओपी के अनुसार 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए आरोग्य सेतु ऐप अनिवार्य नहीं है। ‘‘यात्रियों को हवाईअड्डा टर्मिनल इमारत में प्रवेश से पहले एक निश्चित स्थान पर थर्मल स्क्रीनिंग के लिए स्क्रीनिंग क्षेत्र से अनिवार्य रूप से गुजरना होगा।’’

20 मई को जारी एसओपी के अनुसार विमानपत्तन संचालकों को यात्री के टर्मिनल की इमारत में प्रवेश से पहले उसके सामान के सैनिटाइजेशन के लिए उचित बंदोबस्त करने होंगे। एएआई देश में 100 से अधिक हवाईअड्डों का प्रबंधन देखता है। हालांकि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू और हैदराबाद जैसे बड़े हवाईअड्डों का संचालन निजी कंपनियां करती हैं।
नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को घोषणा की थी कि देश में घरेलू यात्री उड़ान सेवा 25 मई से बहाल की जाएगी। केंद्र सरकार घरेलू यात्री उड़ान सेवा से पहले रेलवे की सेवा शुरू कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



