भारत और चीन के जवानों के बीच शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि को हुई झड़पों को हल करने के लिए भारतीय और चीनी सेना ने मंगलवार को चुशुल में तीसरे दौर की बातचीत जारी है। इस दौरान भारत और चीन की हालिया स्थिति जानने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मंगलवार को एक और उच्च स्तरीय बैठक बुला सकते हैं।
भारतीय सेना ने पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग सो के आसपास स्थित सभी ‘‘रणनीतिक बिंदुओं’’ पर सैनिकों और हथियारों की तैनाती महत्वपूर्ण रूप से बढ़ा दी है।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि भारतीय सेना ने ऐसा पैंगोंग सो क्षेत्र में ‘‘एकतरफा’’ यथास्थिति बदलने के चीन की सेना (पीएलए) के असफल प्रयास के बाद किया। सूत्रों ने कहा कि सेना ने साथ ही पैंगोंग सो के दक्षिणी तट पर एक क्षेत्र पर अतिक्रमण करने के चीन के ताजा प्रयास को विफल करने के बाद पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से लगे सभी क्षेत्रों में समग्र निगरानी तंत्र को और मजबूत किया है।
इससे पहले दिन में सेना के प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने बताया कि चीन की सेना ने 29 और 30 अगस्त की दरम्यानी रात ‘‘एकतरफा’’ तरीके से पैंगोंग सो के दक्षिणी तट पर यथास्थिति बदलने के लिए ‘‘उकसावेपूर्ण सैन्य गतिविधि’’ की लेकिन भारतीय सैनिकों ने प्रयास को असफल कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



