बिहार की राजधानी पटना में बिहार सैन्य बल (बीएमपी) कैंपस में मंगलवार को गोली चलने से एक पुरूष और एक महिला कांस्टेबल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोली चलने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बीएमपी कैंपस में चली गोली से दो कांस्टेबलों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान अमर सुब्बा (36) और वर्षा (26) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि कुल पांच गोली घटनास्थल से बरामद की गई है। गोली मृतक अमर सुब्बा के हथियार से चली है। उन्होंने बताया कि दोनों शवों को एक ही कमरे से बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एफ एसएल की टीम को बुलाया गया है।
इधर, पुलिस प्रथम दृष्ट्या अमर के महिला कांस्टेबल को गोली मारकर खुद आत्महत्या करने का मामला बताते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। हालांकि इसके कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



