मुजफ्फरनगर : राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष अजित सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद मोदी पर दंगा कराकर लोकसभा चुनाव जीतने की कोशिश का आरोप लगाया है। श्री सिंह ने शनिवार को कूकड़ ब्लॉक में महागठबंधन कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि श्री मोदी देश नहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने मुजफ्फरनगर के कवाल में दंगा कराकर लोकसभा का चुनाव जीता था, लेकिन अब मुजफ्फरनगर में ही भाजपा को शिकस्त मिलेगी। रालोद अध्यक्ष ने यह भी कहा कि हर आदमी कभी न कभी झूठ बोलता है लेकिन श्री मोदी कभी सच नहीं बोलते।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी के कार्यकाल में रोजगार के मौके कम हुये हैं, जीएसटी से व्यापारी परेशान हैं और अर्थव्यवस्था पूरी तरह नष्ट हो गयी है। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने अलावा सबको देशद्रोही मानते हैं। उन्होंने चुटकी ली कि श्री मोदी खुद को फकीर बताते हैं और ईश्वर सभी को उनकी ही तरह फकीर बना दे।
अजित सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और रालोद के गठबंधन को कोई पार्टी लोकसभा चुनाव में हरा नहीं सकेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन से प्रधानमंत्री घबराये हुये हैं। सम्मेलन में बसपा के पूर्व सांसद कादिर राणा, पूर्व सांसद अमीर आलम, पूर्व विधायक अनिल कुमार, पूर्व मंत्री उमा किरण, धर्मवीर बालियान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा समेत कई नेता मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



