लखनऊ/अयोध्या, 11 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया है। वहीं, सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बसपा प्रमुख मायावती की रैली और अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन को लेकर भाजपा पर पलटवार किया। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा नेताओं की टिप्पणियों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि कई मुद्दे पहले ही सुलझाए जा चुके हैं लेकिन भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए उन्हें बार-बार उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। सरकार अपनी नाकामियों और अधूरे वादों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए विवादित बयान और उकसावे वाली बातें कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता और उनके प्रति जनता के बढ़ते विश्वास से भाजपा परेशान है। अवधेश प्रसाद के मुताबिक, जनता का बीजेपी से मोहभंग हो रहा है, जो पार्टी के लिए चिंता का विषय है।
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने बसपा प्रमुख मायावती की आगामी रैली को लेकर कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दलों को चुनाव की तैयारी करने और जनता के बीच जाने का अधिकार है। जनता ही अपने मत के जरिए फैसला करती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को मायावती या चंद्रशेखर की राजनीतिक गतिविधियों पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है। उन्होंने कहा कि जनता सपा की सरकार बनाने के लिए तैयार है और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाजवादी पार्टी के साथ है।
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की टिप्पणी पर फखरुल हसन चांद ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति मंदिर, मस्जिद, चर्च या गुरुद्वारे कब जाएगा, यह तय करने वाली भाजपा कौन होती है? उन्होंने भाजपा सरकार पर मंदिर के चंदे और चढ़ावे में चोरी के आरोप लगाते हुए कहा कि इससे सनातन धर्म के अनुयायी नाराज हैं।
वहीं, सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केशवन की टिप्पणी पर कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता किताब पढ़े बिना ही उसकी आलोचना कर रहे हैं। राजपूत ने कहा कि पहले किताब पढ़नी चाहिए और उसके बाद ही उस पर टिप्पणी करनी चाहिए। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर पढ़ने-लिखने की संस्कृति की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना जानकारी के आलोचना करना उचित नहीं है।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



