नई दिल्ली : यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की अगुवाई में शुक्रवार को विपक्ष के 16 दलों की बैठक पर जेडीयू के केसी त्यागी ने जमकर निशाना साधा है। त्यागी ने कहा कि सोनिया गांधी ने पार्टी के सांसद अली अनवर को बैठक में बुलाकर जनता दल यूनाइटेड को तोड़ने का काम किया है. पार्टी इसकी निंदा करती है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी त्यागी ने कहा कि विपक्ष की बैठक में शामिल होने पर हमारे सांसद अली अनवर को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है।
शनिवार को होगी शरद यादव की छुट्टी !
वहीं खबर है कि राज्यसभा में जेडीयू के संसदीय दल के नेता पद से शरद यादव को शनिवार को हटाया जाएगा। शरद यादव की जगह जेडीयू के संसदीय दल के नए नेता का पद आरसीपी सिंह को दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शरद यादव जी हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और अभी तक वो आरजेडी के मंच से उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। पार्टी ने शरद यादव को 19 अगस्त को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आकर अपनी बात रखने को कहा है।
केसी त्यागी ने कहा कि शरद यादव ने जो कुछ भी कहा है पार्टी के लिए कहा है। उसे गंभीरता से लिया गया है। पार्टी की मीटिंग में शरद यादव पर फैसला लिया जाएगा।
अली अनवर बोले-मिली सच बोलने की सजा
अली अनवर ने कहा कि सच बोलने और सच का साथ देने की सज़ा मिली हैं. सच बोलने के लिए जो सज़ा मिली हैं उसके लिए मैं तैयार हूं। मैं सज़ा से डरता नहीं हूं। उन्होंने कहा कि मैं और शरद यादव दोनों पार्टी की विचारधारा के साथ हैं। नीतीश कुमार जी ने पार्टी की विचारधारा छोड़ दी है। बिहार की जनता शरद यादव और हमारे साथ है। शरद यादव इस देश बड़े समाजवादी नेता हैं। हम ही नहीं विपक्ष और देश के लोग शरद यादव के साथ हैं क्योंकि शरद यादव झूठ नहीं बोल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App





