कई दिनों से चल रहे किसान आंदोलन को सुलझाने की कोशिशों के बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से उनके 3, कृष्ण मेनन मार्ग आवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पंजाब और हरियाणा के आंदोलनरत किसानों के मुद्दों को सुलझाने पर चर्चा हुई।
नौ दिसंबर को छठे राउंड की बातचीत से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री तोमर के बीच हुई मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है। दरअसल, पंजाब के किसानों की ओर से शुरू हुए आंदोलन को हरियाणा के कई किसान संगठनों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
यह अलग बात है कि राज्य के करीब एक लाख 20 हजार से अधिक किसानों ने बीते सोमवार को कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर तीनों कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए इसे वापस न लेने की मांग की है। हरियाणा में कुछ संगठन आंदोलन के समर्थन में हैं तो कुछ इसका विरोध कर रहे हैं। पिछले 26 नवंबर से दिल्ली की सीमा पर चल रहे पंजाब और हरियाणा के किसानों के आंदोलन के कारण माल परिवहन से लेकर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
आवश्यक वस्तुओं की दिल्ली में सप्लाई पर बुरा असर पड़ा है। बातचीत से मामला सुलझाने की सभी कोशिशें अब तक असफल साबित हुई हैं। सूत्रों का कहना है कि खट्टर ने मीटिंग के दौरान तोमर को इस आंदोलन को सुलझाने के लिए कुछ सुझाव भी दिए हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री राज्य के किसानों और केंद्र सरकार के बीच मध्यस्थता की कड़ी भी बन सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



