भारत और चीन के बीच पिछले काफी समय से लद्दाख में जारी विवाद अब और भी गरमा गया है। सोमवार रात को दोनों सेनाओं के बीच हिंसक झड़प हुई और इस झड़प में भारतीय सेना का एक अफसर और दो जवान शहीद हो गए हैं। इस बीच, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के तहत भारत की सीमाएं अखंड और सुरक्षित रहेंगी।
नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से केरल जन संवाद रैली को संबोधित करते हुए गलवान घाटी में भारत-चीन टकराव का हवाला दिया और कहा कि सीमा पर तनाव को कम करने की प्रक्रिया के दौरान सोमवार रात चीनी सैनिकों के साथ हिंसक झड़प हुई। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय सेना ने माकूल जवाब दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश हमने अपने तीन जवानों को खो दिया। मैं उनके बलिदान को नमन करता हूं। मैं आपको यह विश्वास दिला सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की क्षेत्रीय अखंडता के साथ कोई समझौता नहीं होगा।’’
नड्डा ने कहा, ‘‘अब हमारे पास राजनीतिक इच्छाशक्ति है और हमारी सेना किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद है।’’ गौरतलब है कि लद्दाख की गलवान घाटी में सोमवार रात चीनी सैनिकों के साथ ”हिंसक झड़प” के दौरान भारतीय सेना का एक अधिकारी और दो जवान शहीद हो गए। सेना ने यह जानकारी दी।


Download Android App
Download iOS App



