लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तेलंगाना के दौरे पर हैं। शनिवार को पहले उन्होंने प्रेस कान्फ्रेंस की। अमित शाह ने कहा इस बार बीजेपी तेलंगाना में 10 से ज्यादा सीटें जीतेगी। अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि पीएम मोदी यह टर्म पूरा करेंगे और देश का नेतृत्व करते रहेंगे।
अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी को लेकर सवाल पर अमित शाह ने कहा, ‘देखिए, मैं अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी और पूरे INDI अलायंस को कहना चाहता हूं कि मोदी जी 75 साल के हो जाएं इससे आपको आनंदित होने की जरूरत नहीं है। यह भारतीय जनता पार्टी के संविधान में कहीं नहीं लिखा है। मोदी जी ही यह टर्म पूरी करेंगे और टर्म पूरी करेंगे और मोदी जी ही आगे देश का नेतृत्व करते रहेंगे। इसमें बीजेपी में कोई कन्फ्यूजन नहीं है।’
इससे पहले केजरीवाल ने शनिवार को AAP कार्यालय पर प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा था कि मोदी जी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो रहे हैं। 2014 में मोदी ने रूल बनाया था कि बीजेपी के अंदर जो भी 75 साल का होगा, उसे रिटायर कर दिया जाएगा, सबसे पहले लालकृष्ण आडवाणी जी को रिटायर किया, फिर मुरली मनोहर जोशी, सुमित्रा महाजन, यशवंत सिन्हा को रिटायर किया गया
उन्होंने कहा, ‘अब मोदी जी अगले साल 17 सितंबर को रिटायर होने वाले हैं। मैं बीजेपी से पूछना चाहता हूं कि आपका प्रधानमंत्री का दावेदार कौन हैं।’ उन्होंने कहा, ‘अगर इनकी सरकार बनी तो पहले अगले दो महीने में ये योगीजी को निपटाएंगे, उसके बाद मोदी जी के सबसे खास अमित शाह जी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी अपने लिए नहीं, अमित शाह के लिए वोट मांग रहे हैं।
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी शनिवार को कहा, ‘केजरीवाल और पूरा INDI गठबंधन चुनाव में विफलता का अहसास कर बौखला गए हैं। देश को भटकाना और भ्रमित करना ही इनका उद्देश्य है। पूर्व से पश्चिम, उत्तर से दक्षिण हर तरफ मोदी जी को जनता का प्रचंड आशीर्वाद मिल रहा है। प्रधानमंत्री जी के सामने न तो इनके पास को तो इनके पास कोई नीति है न ही कोई कार्यक्रम है। अब मोदी जी के उम्र का बहाना लेकर रास्ता ढूंढ़ रहे हैं।’
उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘भारतीय जनता पार्टी के संविधान में कहीं भी उम्र को लेकर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। जनता जानती है मोदी जी का कण-कण और क्षण-क्षण भारत माता की सेवा के लिए समर्पित है। मोदी जी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना साकार हो रही है और अपने अगले 5 वर्षों के कार्यकाल में मोदी जी जी देश को नए शिखर पर ले जाएंगे। विपक्ष खुश न हों, कोई मुगालता ना पाले. मोदी जी हमारे नेता हैं और आगे भी हमारा नेतृत्व करते रहेंगे। INDI गठबंधन और बेल पर जेल से बाहर आया नेता भी जानता है कि ‘आएगा तो मोदी ही, रहेगा तो मोदी ही, भारत को मजबूत बनाएगा तो मोदी ही। ‘


Download Android App
Download iOS App




