आम्रपाली ग्रुप को सुप्रीम कोर्ट की चेतावनी, खरीदारों को घर दें वरना आपको बेघर कर देंगे

Summary :

सुप्रीम कोर्ट ने रियल एस्टेट ग्रुप आम्रपाली ग्रुप को चेतावनी दी। अदालत ने कहा कि आप ज्यादा स्मार्ट न बनें। आपने लोगों को घर के लिए भटकने पर मजबूर किया।

नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को रियल एस्टेट ग्रुप आम्रपाली ग्रुप को चेतावनी दी। अदालत ने कहा कि आप ज्यादा स्मार्ट न बनें। आपने लोगों को घर के लिए भटकने पर मजबूर किया। हम आपको बेघर कर देंगे। हम आपकी एक-एक संपत्ति बेच देंगे। पीठ ने समूह को निर्देश दिया कि 15 दिन के भीतर अपने प्रबंध निदेशक और अन्य निदेशकों की चल और अचल संपत्तियों की मूल्यांकन रिपोर्ट पेश करें।

न्यायालय ने उन कंपनियों का विवरण भी मांगा है जो आम्रपाली परियोजनाओं के रखरखाव का काम देख रही हैं और उन्होंने जो रकम एकत्र की है और अभी तक वितरित की है।

पीठ ने कंपनी के कार्यरत निदेशकों और 2008 के बाद से आम्रपाली समूह छोड़ चुके निदेशकों के विवरण के बारे में भी पूछताछ की।

शीर्ष अदालत ने आम्रपाली ग्रुप समूह की दो परियोजनाओं की बिजली आपूर्ति बहाल करने का भी बिजली कंपनियों को निर्देश दिया है। बिजली की बकाया राशि का भुगतान नहीं करने की वजह से इनकी बिजली आपूर्ति काट दी गयी थी।

नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कार्पोरेशन इंडिया लि (एनबीसीसी) ने दो अगस्त को न्यायालय से कहा था कि वह आम्रपाली समूह की कंपनियों, जो करीब 42,000 मकान खरीदारों को फ्लैट का कब्ज़ा देने में विफल रही हैं, की परियोजनायें अपने हाथ में लेने के लिए तैयार है.

न्यायालय ने एनबीसीसी को इस संबंध में 30 दिन के भीतर ठोस प्रस्ताव पेश करने का निर्देश दिया था कि वे किस तरह और कितने समय के भीतर इन परियोजनाओं को पूरा करेंगे।

इससे पहले, पीठ ने न्यायालय के साथ छल करने और घिनौना खेल खेलने के लिए आम्रपाली ग्रुप समूह को आड़े हाथ लेते हुये उसकी सभी 41 फर्मो के सारे बैंक खाते और चल संपत्तियां जब्त करने का आदेश दिण था।

यही नहीं, न्यायालय ने समूह को 2008 से अब तक के अपने सारे बैंक खातों का विवरण पेश करने और उसकी 40 फर्मो के निदेशकों के बैंक खाते जब्त करने का भी आदेश दिया था।

Desk Team