अमृतसर में हथियार और हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 8 आरोपी गिरफ्तार

Summary :

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस को नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को एक संगठित तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और 2.293 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलर्स के संपर्क में थे। ये हैंडलर्स आरोपियों के माध्यम से अवैध हथियारों की आपूर्ति कर उन्हें आपराधिक…

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस को नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शुक्रवार को एक संगठित तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से 11 पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस और 2.293 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलर्स के संपर्क में थे। ये हैंडलर्स आरोपियों के माध्यम से अवैध हथियारों की आपूर्ति कर उन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ अमृतसर के छेहरटा और ए-डिवीजन थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के साथ-साथ इसके पूरे तंत्र और विदेशी कनेक्शन का पता लगाया जा रहा है।

डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य को सुरक्षित और नशा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

27 अक्टूबर को पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 10 आधुनिक पिस्तौल के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।

काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर की ओर से की गई इस कार्रवाई के बारे में मंगलवार को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने कहा कि सीमा पार से अवैध हथियारों की आवक को रोकने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के हिस्से के रूप में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने तीन व्यक्तियों को 10 विदेशी अति-आधुनिक 30 बोर पिस्तौलों और मैगजीनों सहित गिरफ्तार करके सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।

–आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.