अमृतसर, 14 मार्च (आईएएनएस)। अमृतसर रूरल पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आईएसआई प्रायोजित आतंक और सीमा पार हथियार तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से आधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं।
अमृतसर पुलिस सीमा पार से हथियारों और ड्रग्स की तस्करी को रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने आईएसआई प्रायोजित आतंक और सीमा पार हथियार तस्करी के नेटवर्क से जुड़े दो आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एके-47 राइफल, दो मैगजीन और 36 जिंदा कारतूस के साथ-साथ तीन आधुनिक ग्लॉक 9एमएम पिस्तौल बरामद की हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों का विदेशी हैंडलर्स के साथ सोशल मीडिया के जरिए संपर्क था। पुलिस के अनुसार, यह मॉड्यूल केवल हथियार तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि यह लोगों को चरमपंथ की ओर मोड़ने और भारत और पुलिस के खिलाफ नफरत फैलाने में भी शामिल था।
इस संबंध में घरिंडा थाना, अमृतसर रूरल में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आगे की जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शन का पता लगाया जा सके और पूरी श्रृंखला को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
इससे पहले एक अन्य कार्रवाई में पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के सक्रिय सहयोग से भगोड़े भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी फिरोजपुर के सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड और नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में मुख्य आरोपी के तौर पर वांछित था।
उसकी अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर नजर रखने और उसे रोकने के लिए, एक ‘रेड नोटिस’ (रेड कॉर्नर नोटिस) और ‘लुक-आउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया गया था। लगातार अंतरराष्ट्रीय समन्वय के प्रयासों से आखिरकार मध्य एशिया के एक देश में उसकी लोकेशन का पता चला, जिसके बाद उसे भारत भेज दिया गया और नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
–आईएएनएस
पीआईएम/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



