आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार तड़के प्राइवेट बस और ऑटो की जोरदार टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में छह महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी लोग बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे। हादसे में चार बच्चों समेत आठ लोग घायल हुए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायडू ने दुख जताया।
4 की मौके पर ही मौत, 3 ने अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, पलनाडू जिले के चिलकलुरिपेट में अड्डा रोड के पास एक निजी बस ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे, जो प्रकाशम जिले में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। इनमें चार की मौके पर ही मौत हुई, जबकि तीन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में बोंटू बाबू, बोंटू मानेम्मा, संपूर्णम्मा, गंगम्मा, लक्ष्मम्मा, चौतुपल्ली स्वार्थम्मा और मारियम्मा शामिल हैं।
हादसे पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सड़क हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने और उनकी सेहत पर नजर रखने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों से घायलों को अच्छी चिकित्सा सुविधा देने को कहा।
सख्त जांच के निर्देश
राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने चिलकलुरिपेट सड़क हादसे की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से हादसे, मृतकों और घायलों की संख्या के बारे में जानकारी ली और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे की वजह, बस की रफ्तार और चालक की लापरवाही की भी जांच करने को कहा।


Download Android App
Download iOS App




