अररिया में दुकानदार ने की चालक की हत्या, भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला

Summary :

अररिया, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को एक छोटे से विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई। बताया गया कि वाहन पार्क करने के विवाद में एक सत्तू बेचने वाले दुकानदार ने चालक की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी दुकानदार को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। आरोपी मृतक सत्तू दुकानदार की पहचान फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ही रवि चौहान के रूप में की गई है, जबकि मृतक चालक जोगबनी नगर…

अररिया, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में गुरुवार को एक छोटे से विवाद में दो लोगों की हत्या कर दी गई। बताया गया कि वाहन पार्क करने के विवाद में एक सत्तू बेचने वाले दुकानदार ने चालक की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी दुकानदार को पीट-पीटकर मार डाला।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। आरोपी मृतक सत्तू दुकानदार की पहचान फारबिसगंज थाना क्षेत्र के ही रवि चौहान के रूप में की गई है, जबकि मृतक चालक जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र के अमौना के रहने वाले नबी हुसैन थे।

बताया गया कि रवि चौहान प्रतिदिन कृषि उत्पादन बाजार समिति के पास ठेला लगाकर सत्तू बेचने का काम करता था। इसी दौरान गुरुवार को नबी हुसैन सब्जी मंडी पिकअप से सब्जी लेकर आया हुआ था। इसी बीच गाड़ी पार्क करने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान दुकानदार ने चालक पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद दुकानदार फरार हो गया। इसी बीच, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां पहुंच गए और आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी। बताया गया कि एक झाड़ी में छुपकर बैठा आरोपी भीड़ के हत्थे चढ़ गया और उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। कहा जा रहा है कि अत्यधिक पिटाई के कारण उसकी भी मौत हो गई।

इधर, वारदात की सूचना के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद से इलाके में आक्रोश है।

घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। इस मामले में उन लोगों की भी पहचान की जा रही है, जिन्होंने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला। उन पर भी मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

एमएनपी/एसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.