गोवा की जनता 2027 में AAP को दे मौका, एक महीने में बिजली मुफ्त कर देंगे- केजरीवाल

Summary :

Arvind Kejriwal On Goa Election: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा के पोंडा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी गीतेश नाइक के समर्थन में ‘‘परिवर्तन सभा’’ को संबोधित कर जनता से आम आदमी पार्टी को एक मौका देने की अपील की। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पोंडा उपचुनाव में ‘‘आप’’ प्रत्याशी को जिताएं और 2027 में प्रदेश में ‘‘आप’’ की सरकार बनाएं। सरकार बनने के एक महीने बाद ही पंजाब और दिल्ली की तरह गोवा में भी बिजली मुफ्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि 14 साल से राज कर रही भाजपा…

Arvind Kejriwal On Goa Election: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा के पोंडा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी गीतेश नाइक के समर्थन में ‘‘परिवर्तन सभा’’ को संबोधित कर जनता से आम आदमी पार्टी को एक मौका देने की अपील की। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पोंडा उपचुनाव में ‘‘आप’’ प्रत्याशी को जिताएं और 2027 में प्रदेश में ‘‘आप’’ की सरकार बनाएं। सरकार बनने के एक महीने बाद ही पंजाब और दिल्ली की तरह गोवा में भी बिजली मुफ्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि 14 साल से राज कर रही भाजपा ने लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी कुछ नहीं दिया। उसने सिर्फ गोवा को लूटा है। पोंडा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के साथ भाजपा की सेटिंग है। वह चुनाव जीतने के बाद भाजपा में चला जाएगा।

9 अप्रैल को पोंडा का चुनाव

Arvind Kejriwal On Goa Election
Arvind Kejriwal On Goa Election

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे देश में सब लोग चुनाव का इंतजार करते हैं कि कब चुनाव आएगा और कब हमारे काम होंगे। दूसरी पार्टियों की जितनी भी सरकारें हैं, ये पांच साल काम नहीं करतीं। जब चुनाव आता है, तब अचानक काम शुरू हो जाते हैं। सड़कें ठीक होनी चालू हो जाती हैं, सफाई होनी चालू हो जाती है और नालियां साफ होनी चालू हो जाती हैं। सब लोग इंतजार करते हैं कि कब चुनाव आएगा और कब हमारे काम होंगे। 9 अप्रैल को पोंडा का चुनाव है। रवि नायक का देहांत हो गया। जिसके बाद यह चुनाव हो रहा है। पोंडा के लोग इंतजार कर रहे थे कि कब चुनाव की घोषणा होगी और कब हमारे काम शुरू होंगे। इस बार तो भाजपा की सरकार ने चुनाव में भी काम नहीं कराए।

14 साल से गोवा के अंदर भाजपा की सरकार

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पोंडा में चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा पड़ा है। सड़कें टूटी पड़ी हैं, स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही हैं। लोगों बता रहे हैं कि पीने के पानी में कीड़े आ रहे हैं। इस पानी को कैसे पिएं? ये लोग पांच साल तो काम नहीं करते, लेकिन चुनाव में भी काम नहीं करते। ऐसे लोगों को वोट क्यों देते हैं? 14 साल से गोवा के अंदर भाजपा की सरकार है। 14 साल में इन्होंने क्या दिया? ना दवाइयां दीं, ना इलाज दिया, ना साफ पानी दिया, ना नौकरी दी, ना बिजली दी, केवल और केवल लूटने का काम किया। लूटने के सिवा और कोई काम नहीं किया।

अरविंद केजरीवाल ने  लगाए आरोप

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पोंडा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर एक साल से बंद पड़ा है। हमारे घर में कोई बीमार होता है, तो हम इलाज कराने के लिए कहां जाएं? मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि भाजपा की 14 साल से सरकार है। पोंडा को क्या दिया? 100 करोड़ रुपए की बिल्डिंग बनाकर आईडी अस्पताल खड़ा कर दिया। उसमें उपकरण नहीं हैं, मशीनें काम नहीं करती हैं, टेस्ट नहीं होते हैं, दवाइयां नहीं मिलती हैं, इलाज नहीं होता है। आईडी अस्पताल एक ही काम करता है, जीएमसी को रेफर कर देता है। यह एक साल से बंद पड़ा है। इसको चालू क्यों नहीं करते?

उम्मीदवार गितेश नाइक को जिताकर भेज दो

Arvind Kejriwal On Goa Election
Arvind Kejriwal On Goa Election

अरविंद केजरीवाल ने पोंडा की जनता से अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गितेश नाइक को जिताकर भेज दो। मैं वादा करता हूं कि आरोग्य मंदिर को शुरू कराएंगे और आईडी अस्पताल को भी ठीक कराएंगे। ये गितेश नाइक की जिम्मेदारी है। गितेश नाइक पंडितवाड़ा इलाके में गए, तो लोग अपने घर से पानी लेकर आए। पानी के अंदर कीड़े पड़े हुए हैं। लोग कीड़े वाला पानी कैसे पिएंगे? मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत जरा एक गिलास पानी पीकर दिखाएं। ये लोग 14 साल में लोगों को साफ पानी नहीं दे सकते? इनकी काम करने की नीयत नहीं है। पांच साल नहीं दिया, अब तो 9 अप्रैल को चुनाव है, चुनाव के पहले तो साफ पानी दे दो। चुनाव के पहले भी ये साफ पानी नहीं देते।

अरविंद केजरीवाल ने आगे जनता से कहा कि गितेश नायक को विधायक बना दो। ये पोंडा के अंदर सबके घरों में साफ पानी का इंतजाम करके देंगे। भाजपा के लोगों ने पूरे पोंडा शहर को कूड़े का ढेर बना दिया है। जहां देखो कूड़ा ही कूड़ा है। मैं मंगेशी मंदिर और शांता दुर्गा गया। वहां कर्नाटक, यूपी, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश से लोग वहां दर्शन करने के लिए आते हैं। मंदिर में लोगों की बड़ी मान्यता है। लेकिन भाजपा के लोगों ने पूरे पोंडा को कूड़े का ढेर बना दिया।

पोंडा के अंदर ट्रिपल इंजन की सरकार

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के लोग कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार बना दो। लेकिन जनता ने इनको सारे इंजन दे दिए। नगर पालिका, पंचायत, राज्य, केंद्र हर जगह भाजपा की सरकार है, कुछ तो करो। ये लोग कुछ करते ही नहीं हैं। इनको पैसे खाने के सिवा कोई काम नहीं है। पोंडा के अंदर ट्रिपल इंजन की सरकार है, उसके बावजूद इनसे कूड़ा साफ नहीं होता। कम से कम चुनाव के पहले करा देते, लेकिन चुनाव के पहले भी इन्होंने कूड़ा साफ नहीं कराया। सड़कों के दोनों तरफ कूड़ा ही कूड़ा पड़ा है।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पहले दिल्ली में हमारी सरकार थी। अभी पंजाब में सरकार है। यह जानकर ताज्जुब होगा कि दिल्ली और पंजाब में घर का बिजली का बिल जीरो आता है। क्या गोवा में बिजली का बिल जीरो आता है? क्या जीरो बिजली का बिल चाहिए? आम आदमी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो यह दे सकती है और कोई नहीं दे सकता। पूरे देश में सिर्फ दो राज्यों पंजाब और दिल्ली में बिजली का बिल जीरो आता है। इसे आदमी पार्टी की सरकार ने किया है। इस बार “आप” का विधायक बनाओ और 2027 में सरकार बनाओ और सरकार बनाने के एक महीने के अंदर गोवा के अंदर बिजली का बिल जीरो कर देंगे।

स्विस बैंक में कैश आ जाता है

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यहां बिजली का बिल आता है, बिजली नहीं आती। मुझे कई लोगों ने बताया कि इन्वर्टर खरीदना पड़ता है। पानी, इन्वर्टर सब कुछ खरीदना ही पड़ता है तो हम लोगों ने सरकार क्यों बनाई? भाजपा को वोट क्यों दिया? क्या केवल पैसे कमाने के लिए? मुझे पता चला कि यहां एक आदमी विधायक बन जाए, तो उसकी लंबी-लंबी गाड़ियां आ जाती हैं। बड़े-बड़े घर और प्रॉपर्टी बन जाती है। ये लोग बड़े-बड़े मॉल और दुकानें खरीद लेते हैं। स्विस बैंक में कैश आ जाता है।

अपनी तनख्वाह में से लोगों का इलाज कराया

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गोवा के दो “आप” विधायक वेन्जी वीगास या क्रूज सिल्वा ने कुछ नहीं कमाया। बेनौलिम विधायक वेन्जी वीगास के पास कोई गाड़ी नहीं है और छोटे से घर में रहता है। वह अपनी तनख्वाह से लोगों का इलाज कराता है। इसने मोतियाबिंद के 450 ऑपरेशन कराए। मैंने पूछा, पैसे कहां से आए? बोला, अपनी तनख्वाह में से कराया। क्या कोई ऐसा विधायक देखा है जो अपनी तनख्वाह में से लोगों का इलाज कराता हो? ये केवल आम आदमी पार्टी ही कर सकती है। हम धर्म का काम करते हैं। हमें भगवान ने मौका दिया। हम बहुत आम लोग हैं। मेरे पिताजी या वेंजी वीगास, क्रूज सिल्वा और वाल्मीकि नाइक के पिताजी राजनेता नहीं हैं। हम राजनीतिक परिवार से नहीं आते। हम जनता के बच्चे हैं, लोगों के भाई हैं। आम आदमी की तरह ही आम हैं, इसलिए लोगों की परेशानी समझते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि दूसरी पार्टियों में पति, पत्नी, बेटा तीनों विधायक, पंचायत सदस्य, सरपंच, सब कुछ अपने परिवार के अंदर ही है। क्या गोवा के लोग बेवकूफ हैं? आम लोगों के बच्चे विधायक क्यों नहीं बन सकते? लेकिन दूसरी पार्टियों में नेताओं के बच्चे ही विधायक या मंत्री बनते हैं। “आप” के वेंजी वीगास और क्रूज सिल्वा आम लोग हैं। ये केवल लोगों की सेवा करते हैं। वेंजी वीगास ने एक क्लिनिक खोला हुआ है। वह हर हफ्ते जनता की सेवा करने के लिए, अपने पैसे और चंदा इकट्ठा करके लोगों का मुफ्त में इलाज कराता है। वहां विभिन्न विशेषज्ञ, महिलाओं, बच्चों और आंखों के डॉक्टर बुलाता है और अभी कम से कम 200 बच्चों को नौकरी दिला चुका है। कई कंपनियों से संपर्क करता है। कौन विधायक आम लोगों के बच्चों को नौकरी दिलाता है? वहीं, क्रूज सिल्वा ने खेती-बाड़ी के अंदर बहुत अच्छे-अच्छे काम किए हैं। ये विधायक हैं जो जनता की सेवा कर रहे हैं और दूसरी तरफ वो विधायक हैं जो लूटते हैं।

30 छोटी-छोटी बच्चियों के साथ कुकर्म किया

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में चर्चा है कि यहां भाजपा पार्षद के बेटे ने 30 छोटी-छोटी बच्चियों के साथ कुकर्म किया। इनकी पूरी पार्टी और पूरी सरकार उसको बचाने में लग गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कह रहे हैं कि बेचारे पिताजी, उन्हें उसके पिताजी से हमदर्दी है। जिन 30 बच्चियों के साथ गलत काम हुआ, उनके पिता के साथ उनकी कोई सहानुभूति नहीं है। उन्हें आम लोगों के बच्चों की परवाह नहीं है, उन्हें सिर्फ अपने बच्चों की परवाह है। अगर कल किसी आम आदमी के बच्चे के साथ गलत काम हुआ, तो वे न्याय नहीं दिलाएंगे। वे सिर्फ अपने बच्चों को बचाएंगे। लेकिन हम हर बार कमल का बटन दबाकर आ जाते हैं। ये लोग हमें कुछ नहीं देते। एक बार आम आदमी पार्टी को मौका देकर देखिए।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लोग बता रहे हैं कि भाजपा ने एक नहीं, बल्कि दो उम्मीदवार खड़े किए हैं। एक उम्मीदवार तो भाजपा का अपना है और दूसरा कांग्रेस का उम्मीदवार केतन भाई हैं। वह भाजपा की टिकट मांग- मांगकर परेशान हो गए हैं। 15 अक्टूबर को रवि नाइक का देहांत हुआ। 27 अक्टूबर को केतन भाई ने मीडिया को बयान दिया कि मुझे तो भाजपा की टिकट चाहिए, मैं भाजपा की टिकट का हकदार हूं। केतन भाई भाजपा में जाने के लिए बेताब बैठे हैं। रवि नाइक का देहांत हुआ था तो उनके बेटे को टिकट देना भाजपा की मजबूरी थी। तब भाजपा ने केतन भाई से कहा कि कोई बात नहीं, चिंता मत करो, हम तुम्हें कांग्रेस की टिकट दिला देते हैं। तो भाजपा ने उनको कांग्रेस की टिकट दिला दी। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस से जीतोगे तो भी विधायक हमारा ही बनेगा। उधर से जीत जाओ तो इधर आ जाना।

भाजपा के उम्मीदवार रवि नाइक के बेटे

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि भाजपा के उम्मीदवार रवि नाइक के बेटे हैं। उनको क्या पता कि जनता की समस्याएं क्या हैं? वे तो महलों में पले-बढ़े हैं, बड़े आदमी हैं। वहीं, “आप” उम्मीदवार गितेश नाइक एक आम आदमी है, आम लोगों के आदमी हैं और जनता के बीच में घूमते हैं। आम आदमी को वोट दो, वह जनता के काम आएगा, जनता के बीच में घूमेगा और जनता के सारे काम करवाकर देगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पोंडा के लोगों ने सबको मौका दिया है। जनता ने अभी तक एमजीपी, कांग्रेस और भाजपा का विधायक बनाया। अब केवल 8 महीने बचे हैं। बचे हुए कार्यकाल के लिए एक मौका आम आदमी पार्टी और झाड़ू को देकर देखिए। अगर हम काम ना करें, तो अगले साल बदल देना।

ALSO READ: टीएमसी को बंगाल की जनता सत्ता से हटाएगी : गौरव वल्लभ

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।