Assam Flood: असम के कई जिलों में बाढ़ से भारी तबाही। असम में मंगलवार को स्थिति और गंभीर बनी रही, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि प्रभावित लोगों की संख्या लगभग चार गुना बढ़कर 37,000 से अधिक पहुंच गई है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने बताया कि ताजा मौत का मामला सोनितपुर जिले के चारिदुआर राजस्व क्षेत्र में आया।

99 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में
प्राधिकरण के अनुसार, संबंधित व्यक्ति सोमवार रात से लापता था और उसका शव मंगलवार को बरामद किया गया। इससे पहले चराइदेव जिले में एक व्यक्ति तथा धेमाजी जिले में दो अन्य लोगों की मौत हो चुकी है। बुलेटिन के अनुसार बाढ़ का पानी सोनितपुर, डिब्रूगढ़, लखीमपुर, धेमाजी, जोरहाट और शिवसागर सहित छह जिलों के 12 राजस्व क्षेत्रों और 99 गांवों में फैल गया है।

बाढ़ से कुल 37,032 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें सबसे अधिक लखीमपुर जिला प्रभावित है, जहां 35,696 लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। सोमवार को छह जिलों में 9,600 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित थे।
Assam Flood: बचाव कार्य जारी
एएसडीएमए ने बताया कि प्रभावित लोगों को 20 वितरण केंद्रों के माध्यम से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने पिछले 24 घंटों के दौरान सोनितपुर जिले से 16 लोगों को सुरक्षित निकाला। बुलेटिन के अनुसार बाढ़ के पानी से 1,103.94 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। दो पशु बह गए, जबकि कुक्कुट सहित 16,139 अन्य मवेशी प्रभावित हुए हैं। प्राधिकरण ने बताया कि प्रभावित जिलों के कुछ क्षेत्रों में सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

ALSO READ: होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर ट्रंप ने लगाया 20% टैक्स, ईरान ने तंज कसकर दिया जवाब























