भाजपा की सहयोगी दल रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) ने कहा है कि वह गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करेगी।आरपीआई (ए) के प्रमुख रामदास अठावले ने शिवसेना को भी सलाह दी है कि वह भाजपा से कलह नहीं करे। इसके अलावा अठावले ने फेरीवालों के खिलाफ आंदोलन करने के लिए मनसे की आलोचना की है।
उन्होंने बताया, हम सुनिश्चित करेंगे कि भाजपा को ज्यादा संख्या में सीटें मिलें और आने वाले चुनावों में वोटों का प्रतिशत भी बढ़े। अठावले मीरा रोड में कल रात एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिवसेना को भाजपा के साथ कलह नहीं करनी चाहिए और दोनों पार्टियों को भविष्य में चुनाव साथ में लडऩा चाहिए।
अठावले ने गैरकानूनी फेरीवालों को ठाणे जिले के कुछ हिस्सों से जबर्दस्ती हटाने के लिए राज ठाकरे की पार्टी मनसे की आलोचना की है। उन्होंने कहा, फेरीवालों पर हमले करने के बजाय मनसे कार्यकर्ताओं को सीमा पर जाकर दुश्मनों से लडऩा चाहिए।
उन्होंने कहा कि गैरकानूनी फेरीवालों के मुद्दे का निपटारा पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा किया जा सकता है। दलित नेता ने कहा कि फेरीवालों की रक्षा करने के लिए आरपीआई कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग फेरीवालों से सामान खरीदते हैं और सरकार को इनके लिए कोई नीति बनानी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



