अयोध्या, 23 अगस्त (आईएएनएस)। रामनगरी अयोध्या में रविवार को श्रावण शुक्ल पक्ष की दशमी के पावन अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य शिखर का धर्मध्वज बदला गया। धार्मिक परंपरा और विधि-विधान के साथ नवीन धर्मध्वज का आरोहण किया गया। शिखर पर लहराते नए ध्वज के साथ ऊंचाई से नजर आया विशाल मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया। नवीन धर्मध्वज के आरोहण से पहले विधिवत पूजन किया गया।
इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वज को मंदिर के मुख्य शिखर पर स्थापित किया गया। नए धर्मध्वज के लहराते ही श्रीराम जन्मभूमि परिसर का दृश्य और अधिक भव्य नजर आया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से धर्मध्वज की तस्वीरें और चलचित्र भी साझा किए गए। ऊंचाई से लिए गए इन दृश्यों में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर की विशालता, भव्य स्थापत्य और आसपास का मनोरम दृश्य साफ दिखाई दिया।
शिखर पर लहराता नवीन धर्मध्वज रामनगरी के धार्मिक वातावरण में विशेष आकर्षण का केंद्र बना। श्रावण मास में धर्मध्वज का परिवर्तन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की धार्मिक परंपराओं से जुड़ा माना जा रहा है। नवीन ध्वज के आरोहण की तस्वीरें सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। अयोध्या पहुंचे भक्तों ने शिखर पर लहराते नए धर्मध्वज को आस्था का पावन प्रतीक बताया। इससे पहले 25 नवंबर 2025 को अभिजीत मुहूर्त में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा का औपचारिक ध्वजारोहण हुआ था।
उस समय भव्य आयोजन के बीच मंदिर के शिखर पर धर्मध्वजा स्थापित की गई थी। मंदिर के शिखर पर स्थापित धर्मध्वजा समकोण त्रिभुजाकार है। इसकी ऊंचाई करीब 10 फुट और लंबाई 20 फुट बताई गई है। ध्वज पर अंकित दीप्तिमान सूर्य भगवान राम के तेज, पराक्रम और वीरता का प्रतीक माना जाता है।
रविवार को नवीन धर्मध्वज के आरोहण के बाद सामने आए मंदिर परिसर के विहंगम दृश्यों ने राम मंदिर की भव्यता को और उभार दिया। शिखर पर लहराता नया ध्वज रामनगरी के आध्यात्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।
–आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



