बंगाल में कानून का राज कायम रहेगा, घुसपैठियों को डिपोर्ट किया जाना चाहिए: मंत्री तापस रॉय

Summary :

कोलकाता, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री तापस रॉय ने अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने सही बात कही है और बंगाल में कानून का शासन स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से राज्य में कानून का राज आगे भी कायम रखा जाएगा। तापस रॉय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सही बात बोले हैं। इससे पहले बंगाल में जो राज था, वह आप ही बताइए कि क्या राज…

कोलकाता, 22 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। मंत्री तापस रॉय ने अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने सही बात कही है और बंगाल में कानून का शासन स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से राज्य में कानून का राज आगे भी कायम रखा जाएगा।

तापस रॉय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सही बात बोले हैं। इससे पहले बंगाल में जो राज था, वह आप ही बताइए कि क्या राज था? अमित शाह ने जिस कानून के शासन की बात कही है, उसे बंगाल की जनता के समर्थन से बरकरार रखा जाएगा। सरकार का प्रयास है कि आम लोगों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को पूरा किया जाए। जनता की जो भी अपेक्षाएं हैं, उन्हें पूरा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में उनकी टीम भी इसी दिशा में काम कर रही है और राज्य में बेहतर शासन व्यवस्था कायम करने की कोशिश जारी है।

तापस रॉय ने पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को देश से डिपोर्ट किया जाना चाहिए। केंद्रीय नेतृत्व और गृह मंत्री इस मुद्दे पर कई बार अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि घुसपैठिया क्यों रहेगा हमारे भारत में? भारत क्या धर्मशाला है?

वहीं, वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने भी बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर बात की। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान गुंडा राज खत्म करने का जो भरोसा और वादा जनता से किया गया था, सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार की कोशिश राज्य में ऐसा वातावरण तैयार करने की है, जहां लोग शांतिपूर्ण माहौल में रह सकें और शासन व्यवस्था में किसी तरह का दबाव या अव्यवस्था न हो।

उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर अभी भी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन सरकार हर जगह शांतिपूर्ण और सिंडिकेट-मुक्त शासन व्यवस्था कायम करने के लिए काम कर रही है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी इसी दिशा में काम करने की बात कही थी।

–आईएएनएस

पीएसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.