भिवंडी इमारत हादसा: 10 मौतों के बाद जागा प्रशासन, बेघर होने के डर से सिसकते परिवारों के बीच ए-विंग को ढहाने की तैयारी

Summary :

महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढहने से 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 3 गंभीर रूप से घायल हैं। इस भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से जर्जर ए-विंग को भी खाली कराकर ढहाने का फैसला किया है।

Bhiwandi Building Collapse

Bhiwandi Building Collapse : महाराष्ट्र के भिवंडी स्थित भंडारी कंपाउंड इलाके में शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहलाकर रख दिया है। यहाँ स्थित कोहिनूर अपार्टमेंट की चार मंजिला बी-विंग पल भर में जमींदोज हो गई, जिसमें 10 निर्दोष लोगों की जान चली गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस भीषण त्रासदी के बाद हरकत में आए स्थानीय प्रशासन ने अब ए-विंग को भी खतरनाक मानते हुए ढहाने का निर्णय लिया है। जनहानि से बचने के लिए पुलिस और भिवंडी महानगरपालिका की टीम मौके पर तैनात है और पूरी इमारत खाली करा ली गई है।

सैकड़ों लोग हुए बेघर

प्रशासनिक आदेश के बाद ए-विंग में रह रहे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लोग आनन-फानन में अपने घरों से जरूरी सामान और कीमती चीजें बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। कई लोगों का सामान अब भी जर्जर ढांचे के भीतर ही फंसा हुआ है। इस फैसले के बाद सैकड़ों नागरिक एक ही झटके में बेघर हो गए हैं और उनके सामने ठहरने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मनपा की टीम कल इस हिस्से को गिराने की बड़ी कार्रवाई करेगी।

लापरवाही पर भड़के लोग

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भिवंडी मनपा के खिलाफ भारी गुस्सा है। नागरिकों का आरोप है कि प्रशासन केवल टेंडर और कमीशनखोरी पर ध्यान देता है, जिससे इमारतों की सुरक्षा नजरअंदाज होती है। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि इस जर्जर इमारत में रहने की इजाजत किसने दी थी और 10 मासूमों की मौत का असली कसूरवार कौन है। मामले में कड़ी जांच की मांग तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें – CJP प्रदर्शन में हिंसा फैलाने वाले थे आतंकी, STF ने जैश के आतंकी और उसकी गर्लफ्रेंड को धर दबोचा

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।