पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले से दो दिन पहले जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकवादी हमीम मंडल को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ के अनुसार, संदिग्ध हमीम मंडल पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में था। वह पुलिस की वर्दी पहनकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए प्रदर्शन में घुसपैठ करने और हिंसा फैलाने की साजिश रच रहा था। बंगाल एसटीएफ की हिरासत में उससे हुई पूछताछ के बाद, उसकी कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को भी झारखंड के साहिबगंज से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ में सामने आया है कि वे बेहद खतरनाक साजिश रच रहे थे।
जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन में घुसकर हिंसा फैलाने की साजिश- STF

STF के आईजी गौरव शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध हमीम मंडल पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के इशारे पर काम कर रहा था। उसे पुलिस की वर्दी पहनकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन में घुसकर वहां हिंसा व अशांति फैलाने का टास्क दिया गया था। इसके अलावा, उसे मुख्यमंत्री की गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
पुलिस की वर्दियां खरीदने का निर्देश

पूछताछ में हमीम मंडल ने खुलासा किया कि करीब 10-12 दिन पहले पाकिस्तान के नागरिक हम्माद (जिसे शहजाद भट्टी गिरोह का सहयोगी बताया गया है) ने उसे पुलिस की वर्दियां खरीदने का निर्देश दिया था।
इन वर्दियों को दिल्ली के एक तय बस स्टॉप पर पहुंचाना था, ताकि जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन के दौरान इसका इस्तेमाल किया जा सके। सूत्रों का दावा है कि इसका इस्तेमाल करके ये आत्मघाती हमलों को अंजाम देने वाले थे। हालांकि, पैसों के लेनदेन में प्राइवेसी से जुड़ी समस्याओं की वजह से उनका ये प्लान पूरा नहीं हो पाया।
मंत्री उमेश राय के बेटे को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश
शुक्रवार को हमीम मंडल की गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को भी झारखंड से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोप है कि यह दोनों मिलकर राज्य के मंत्री उमेश राय के बेटे को हनीट्रैप में फंसाने और उनका अपहरण करके परिवार से फिरौती वसूलने की एक बड़ी साजिश रच रहे थे।
व्हाट्सएप चैट से क्या मिला?
STF की जांच में यह भी सामने आया है कि हमीम सोशल मीडिया के जरिए एक ऐसे नेटवर्क से जुड़ा था, जिसके तार सीमा पार से होने वाली ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के साथ-साथ आतंकवादी गतिविधियों की फंडिंग से जुड़े हैं। जांच के दौरान हमीम के व्हाट्सएप चैट से पाकिस्तान से कनेक्शन के संकेत मिले हैं।
इसके अलावा, एसटीएफ ने उसके पास से यूके और मैक्सिको में जारी किए गए इंटरनेशनल सिम कार्ड भी बरामद किए हैं। एजेंसी को शक है कि उसने अपने हैंडलर्स और स्लीपर सेल्स के साथ सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड बातचीत करने के लिए इन्हीं सिम कार्ड्स का इस्तेमाल किया था।
हमीम की गर्लफ्रेंड को अदालत में किया जाएगा पेश
जांच एजेंसी अब इस पूरे आतंकी नेटवर्क की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि इसके अन्य सदस्यों की भी पहचान की जा सके। साहिबगंज से गिरफ्तार हमीम की गर्लफ्रेंड को अब बर्दवान ले जाया जाएगा और अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।
Also Read: Delhi Police Encounter: रोहिणी में पुलिस और टिल्लू गैंग के बीच मुठभेड़, दो शूटर्स गिरफ्तार



Download Android App
Download iOS App




