Delhi Police Encounter: रोहिणी में पुलिस और टिल्लू गैंग के बीच मुठभेड़, दो शूटर्स गिरफ्तार

Summary :

दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार को पुलिस और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच एक मुठभेड़ हुई। इसमें पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे गैंग के दो शूटर्स, राहुल और विशाल को गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली के रोहिणी इलाके में रविवार को पुलिस और टिल्लू ताजपुरिया गैंग के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने गैंग के दो शूटर्स, राहुल और विशाल को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। यह एनकाउंटर कंझावला थाना क्षेत्र के कराला इलाके में हुआ। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया।

मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों को भी लगी गोली

शनिवार रात रोहिणी के यूईआर (UER) हाईवे पर पुलिस को टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो बदमाशों के आने की सूचना मिली थी। इसके बाद उनको गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। जैसे ही बदमाश वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने को कहा, लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली दो पुलिसकर्मियों (अजय और प्रवीण) को भी लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई।

आरोपियों के पास से दो पिस्तौल, कारतूस और 1 चोरी की बाइक बरामद

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक चोरी की बाइक बरामद की है।

डीसीपी के मुताबिक, दोनों आरोपी टिल्लू गैंग से जुड़े हैं और उन पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हो रखे हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या और अन्य मामलों में इनकी क्या भूमिका थी।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।