बागपत में नवाब अहमद हमीद की हवेली पर प्रदीप नरवाल की प्रेस वार्ता, 5 अगस्त को हिसावदा में होगा किसान सम्मान दिवस

Summary :

पूर्व राज्यपाल एवं किसान नेता स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक की प्रथम पुण्यतिथि पर आगामी 5 अगस्त को उनकी जन्मस्थली हिसावदा में आयोजित होने वाले "किसान सम्मान दिवस" को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

पूर्व राज्यपाल एवं किसान नेता स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक की प्रथम पुण्यतिथि पर आगामी 5 अगस्त को उनकी जन्मस्थली हिसावदा में आयोजित होने वाले “किसान सम्मान दिवस” को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में बागपत शहर स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवाब अहमद हमीद की हवेली पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रदीप नरवाल ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा भी तैयार की गई।

सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि पर उनके संघर्ष को याद करेगी कांग्रेस

प्रदीप नरवाल ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक ऐसी शख्सियत थे जिन्होंने राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर रहते हुए भी किसानों, संविधान और लोकतंत्र के पक्ष में खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि सच बोलने के कारण सत्यपाल मलिक को लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। कांग्रेस उनकी प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।

सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि देने पहुंच सकते हैं राहुल गांधी

उन्होंने बताया कि 5 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, किसान संगठन, खाप प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हिसावदा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि यदि संसद की कार्यवाही में कोई व्यस्तता नहीं रही तो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कार्यक्रम में शामिल होकर सत्यपाल मलिक को श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

प्रदीप नरवाल का भाजपा पर हमला

Satya Pal Malik Death Anniversary
Satya Pal Malik Death Anniversary

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रदीप नरवाल ने कहा कि कांग्रेस सत्यपाल मलिक की पुण्यतिथि को किसी राजनीतिक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और किसान हितों के लिए संघर्ष करने वाले व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि देने के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे हैं और कांग्रेस किसानों के दर्द और संघर्ष की आवाज उठाती रहेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रदीप नरवाल ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं, किसानों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के मुद्दों पर विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन का माहौल बन रहा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इंडिया गठबंधन के साथ पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी।

5 अगस्त को होगी श्रद्धांजलि सभा

प्रेस वार्ता के बाद नवाब अहमद हमीद की हवेली पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राहुल गांधी के संभावित दौरे को लेकर स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, मंच संचालन, जनसभा स्थल, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
आयोजकों के अनुसार 5 अगस्त को सुबह 10 बजे पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, जबकि 11 बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। इस अवसर पर स्वर्गीय चौधरी सत्यपाल मलिक के किसान हितों के लिए किए गए संघर्ष, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा में उनके योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने वाले शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष लव कश्यप, वरिष्ठ नेता नवाब अहमद हमीद, डॉ. नरेश चौधरी, राम हरि पवार, राकेश त्यागी, वीर सिंह जाटव, हुमायूं बेग, हेमरीता, चितवन, जयाउर रहमान, दीपक भाटी, नरेंद्र राठी, अनिल देव त्यागी सहित पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।