रायपुर रेंज में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को नई धार देने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अमरेश मिश्रा ने शनिवार को रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों और राजपत्रित अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा हर मामले में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लंबित मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश
आईजी अमरेश मिश्रा ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराधों, ब्लाइंड मर्डर, चिटफंड, साइबर अपराध और अन्य गंभीर मामलों की व्यक्तिगत निगरानी करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों का जल्द निपटारा पुलिस की प्राथमिकता होना चाहिए और हर अधिकारी इसकी जवाबदेही तय करे।
AI और साइबर टेक्नोलॉजी पर रहेगा फोकस
बैठक में साइबर अपराधों से निपटने के लिए रेंज साइबर थाना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीकों, सीसीटीवी नेटवर्क और डेटा आधारित ट्रैफिक प्रबंधन का अधिकतम उपयोग करने पर विशेष जोर दिया गया। आईजी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बिना प्रभावी पुलिसिंग संभव नहीं है और प्रत्येक जिले को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना आवश्यक है।
गोवंश तस्करी और अवैध नशे के खिलाफ चलेगा अभियान
अमरेश मिश्रा ने गोवंश तस्करी, अवैध शराब, नारकोटिक्स और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा अपराध में प्रयुक्त वाहनों की समयबद्ध राजसात कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करना पुलिस की रणनीति का अहम हिस्सा होना चाहिए।
बैठक के साथ आयोजित कार्यशाला में वित्तीय अनुसंधान, बैंकिंग लेनदेन की जांच, डिजिटल ट्रांजेक्शन की पड़ताल, दस्तावेजी साक्ष्य जुटाने और अपराधियों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर कार्रवाई करने का प्रशिक्षण भी अधिकारियों को दिया गया।
रायपुर रेंज में कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए IG अमरेश मिश्रा का विजन
आईजी अमरेश मिश्रा ने अधिकारियों को ट्रांसफॉर्मेशनल लीडरशिप, अनुशासन, तकनीकी दक्षता, टीम वर्क और व्यक्तिगत जवाबदेही के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विवेचना, गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन और न्यायालयीन कार्यवाही की नियमित समीक्षा की जाए तथा नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के अंत में आईजी ने दो टूक कहा कि पुलिसिंग का अंतिम उद्देश्य आम नागरिक को त्वरित, संवेदनशील और भरोसेमंद पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। इसके लिए हर अधिकारी परिणाम आधारित कार्यशैली अपनाए, ताकि रायपुर रेंज में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की नई मिसाल कायम हो सके।



Download Android App
Download iOS App




