भोपाल में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान भोपाल, 31 अक्टूबर (आईएएनएस) । देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस तथा देश के लौह पुरुष, पूर्व गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा पार्टी के भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं जिला कांग्रेस सेवादल भोपाल शहर और ग्रामीण के सदस्यों ने सहभागिता की। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। रक्तदान शिविर में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अवनीश भार्गव ने कहा कि इंदिरा गांधी का देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए दिया गया बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरणा देता रहेगा। वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल जी का राष्ट्र निर्माण और देश की एकता में योगदान अविस्मरणीय है। इन महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज और देश की सेवा के लिए निरंतर कार्य करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का मानवीय संकल्प है।
कांग्रेस सेवादल सदैव सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों के साथ जनसेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। रक्तदान महादान है, आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन की उम्मीद बन सकता है। राज्य में अनेक स्थानों पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और पूर्व गृहमंत्री लोह पुरुष वल्लभभाई पटेल की जयंती पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।राजनीतिक दलों के अलावा सामाजिक संगठनों ने भी दोनों नेताओं को याद किया । इन कार्यक्रमों में पहुंचे वक्ताओं ने दोनों नेताओं द्वारा देश की प्रगति और विकास के लिए दिए गए योगदान की चर्चा की।
–आईएएनएस
एसएनपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



