बिहार: बंटी यादव हत्याकांड में पीड़ित परिवार को राजद ने दी पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता

Summary :

पटना, 6 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को बंटी यादव हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने बंटी यादव के परिवार को आर्थिक सहायता देने और उनके बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव ने कहा कि बंटी यादव ने कथित तौर…

पटना, 6 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को बंटी यादव हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने बंटी यादव के परिवार को आर्थिक सहायता देने और उनके बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की।

पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में तेजस्वी यादव ने कहा कि बंटी यादव ने कथित तौर पर सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि राजद का एक प्रतिनिधिमंडल पहले भी पीड़ित परिवार से मिला था और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनकी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और संबंधित पुलिस अधीक्षक (एसपी) से भी बातचीत हुई है तथा पार्टी नेताओं के साथ पीड़ित परिवार को डीजीपी से मिलने भेजा गया था।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। हालांकि, पुलिस ने जल्द उनकी गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। तेजस्वी ने कहा कि बंटी यादव परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनके निधन के बाद परिवार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। इसे देखते हुए राजद ने उनके दोनों बच्चों की 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से बंटी यादव की पत्नी को पांच लाख रुपए का चेक सौंपा गया है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा फीस के हिसाब से 12वीं तक की पढ़ाई पर करीब ढाई लाख रुपए का खर्च आता है, लेकिन भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पांच लाख रुपए की सहायता दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आगे की पढ़ाई के लिए अतिरिक्त सहायता की जरूरत होगी तो पार्टी और वह स्वयं परिवार के साथ खड़े रहेंगे। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से बंटी यादव के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की।

तेजस्वी यादव ने प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी पुलिस अधिकारी की मामले को दबाने या आरोपियों से मिलीभगत की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डीजीपी को अपनी निगरानी में इस मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कई हत्या, गोलीबारी, अपहरण, बलात्कार और डकैती की घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सरकार के किसी मंत्री या मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका हाल तक नहीं जाना। उन्होंने दावा किया कि राज्य के लगभग हर जिले में आपराधिक घटनाएं हो रही हैं और इसके लिए मौजूदा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के कुछ जनप्रतिनिधियों को संरक्षण दिया जा रहा है और पीड़ित परिवारों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है।

तेजस्वी यादव ने छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर एके-47 के इस्तेमाल के मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने डीजीपी से मिलने का समय मांगा है और शुक्रवार को इस मुद्दे पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले भी गोलीबारी में घायल लोगों को 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दे चुकी है और स्थानीय नेता लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रों के खिलाफ एके-47 चलाने का आदेश किसने दिया और इस पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित एसपी और डीएम के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनकी पार्टी इस मुद्दे को उठाती रहेगी। मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ गठबंधन पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है तथा कई मामलों में दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.