Delhi Police Crime Branch : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करीब 28 वर्षों से फरार चल रहे घोषित अपराधी (पीओ) राजिंदर बैरागी उर्फ राजेंद्र सिंह यादव उर्फ डॉ. झटका (53) को मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हरियाणा पुलिस के जवान जय भगवान की हत्या, दिल्ली और हरियाणा में हत्या के प्रयास के कई मामलों तथा पुलिस हिरासत से हथकड़ी समेत फरार होने के मामले में वांछित था।
डीसीपी चंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नॉर्दर्न रेंज-1 की टीम लंबे समय से घोषित अपराधियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पता चला कि राजिंदर ने अपनी पहचान बदलकर मध्य प्रदेश में नया जीवन शुरू कर दिया था। वह राजेंद्र सिंह यादव के नाम से रह रहा था और स्थानीय स्तर पर क्लीनिक चलाने के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी कर रहा था। उसने आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज भी नई पहचान पर बनवा लिए थे।
पुलिस के अनुसार 10 मई 1998 को सोनीपत के गांव सैय्यां खेड़ा में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में राजिंदर और उसके साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें हरियाणा पुलिस के जवान जय भगवान की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद 14 फरवरी 1999 को वह गाजियाबाद जेल से सोनीपत कोर्ट ले जाते समय गन्नौर रेलवे स्टेशन पर यूपी पुलिस की हिरासत से हथकड़ी समेत फरार हो गया था।
तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मुंगावली में छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया। स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को दिल्ली लाया गया है। पूछताछ में उसने फरारी के दौरान महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में अलग-अलग पहचान के साथ रहने की बात कबूल की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और हिरासत से फरार होने सहित दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है।



Download Android App
Download iOS App




