जहानाबाद, 22 मई (आईएएनएस)। दीपक कुमार हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस और एक आरोपी की गुरुवार देर रात मुठभेड़ हो गई। धुरियारी गांव के पास हथियार बरामदगी अभियान के दौरान आरोपी की ओर से पुलिस पर गोली चलाने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की।
एसपी अपराजित लोहान ने बताया कि 19 मई को भेलावर पुलिस स्टेशन में हत्या का एक मामला दर्ज किया गया था। इस मामले के सिलसिले में आरोपी रावण को 21 मई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि उसने अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार घोसी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक नहर के पास छिपा रखा था।
एसपी ने बताया कि पुलिस उसे हथियार बरामद करने के लिए उस इलाके में ले गई और कई जगहों पर आरोपी ने पुलिस को घुमाया। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो झाड़ियों में छिपाए गए हथियार को निकालकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
एसपी ने बताया कि आरोपी की ओर से की गई फायरिंग से पुलिस की गाड़ी पर भी एक गोली लगी। एसआईटी की टीम की ओर से आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गई। आरोपी रावण के पैर में गोली लगी है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे घोसी ले जाया गया। फिर उसको इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जहानाबाद के एसपी अपराजित लोहान ने शव के पोस्टमार्टम को लेकर पत्रकारों से बातचीत में 19 मई को बताया था कि भेलावर थाना के अंतर्गत एक शख्स को गोली लगने की जानकारी मिली थी। भेलावर पुलिस ने परिजनों के आग्रह पर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया था। लगभग 7-8 घंटे बीत जाने के बाद भी अलग-अलग कारण बताकर डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं किया। पोस्टमार्टम में देरी की वजह से शव की स्थिति भी काफी खराब हो गई थी।
–आईएएनएस
एसडी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



