बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने दी ईद-उल-फितर की बधाई

Summary :

पटना, 20 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में ईद-उल-फितर के अवसर पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं ने इस पर्व को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताते हुए इसे शांति और उल्लास के साथ मनाने की अपील की है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को मुबारकबाद दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादतों से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश और देश में शांति और समृद्धि का वातावरण बनेगा।…

पटना, 20 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में ईद-उल-फितर के अवसर पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं ने इस पर्व को प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताते हुए इसे शांति और उल्लास के साथ मनाने की अपील की है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम समुदाय को मुबारकबाद दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि पवित्र रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादतों से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे प्रदेश और देश में शांति और समृद्धि का वातावरण बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईद का दिन ‘ईनाम का दिन’ होता है, जब खुदा अपने नेक बंदों को अपनी रहमतों से नवाजते हैं। उन्होंने दुआ की कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे तथा समाज में अमन-चैन और भाईचारा कायम रहे। उन्होंने आगे कहा कि भारत विविधताओं वाला एक महान देश है, जहाँ विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग आपसी प्रेम और सहिष्णुता के साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे के पर्व-त्योहारों में शामिल होकर खुशियाँ साझा करते हैं और यही परंपरा देश और समाज को मजबूत बनाती है।

वहीं, बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन ने भी समस्त बिहारवासियों और देशवासियों को ईद-उल-फितर की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि रमजान के पवित्र महीने की पूर्णता पर मनाया जाने वाला यह त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भावना का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें करुणा, उदारता, कृतज्ञता और आत्मसंयम जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने लोगों से अपील की कि वे इस त्योहार को शांति, सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाएं। साथ ही उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए।

दोनों नेताओं के संदेशों में सामाजिक एकता, धार्मिक सौहार्द और पारस्परिक सम्मान को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

–आईएएनएस

पीएसके

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.