पटना, 7 मई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार का गुरुवार को कैबिनेट विस्तार होने जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के भी कैबिनेट में शामिल होने की उम्मीद है। इसी बीच, निशांत कुमार की पिता नीतीश कुमार से आशीर्वाद लेते हुए तस्वीरें सामने आई हैं।
निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ से पहले अपने पिता से मुलाकात की। उन्होंने पिता के पैर छुए और आशीर्वाद लिया। इस दौरान, नीतीश कुमार ने भी अपने बेटे को सीने से लगा लिया। इस अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री व जदयू नेता ललन सिंह मौजूद थे। निशांत कुमार ने संजय झा और ललन सिंह के भी पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया।
निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद बिहार की सक्रिय राजनीति में आए हैं। उन्होंने अपने पिता के इस्तीफे के कुछ ही हफ्तों बाद औपचारिक रूप से राजनीति में कदम रखा और जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हुए।
संभावनाएं हैं कि जदयू कोटे से निशांत कुमार को भी मंत्री बनाया जा सकता है। सूत्र बताते हैं कि जदयू के जिन नेताओं के मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है, उनमें नीतीश कुमार खेमे के कई वरिष्ठ नेता और कुछ नए चेहरे शामिल हैं।
जिन नेताओं को कैबिनेट में शामिल किए जाने की उम्मीद है, उन्हें फोन पर सूचना भी मिलने लगी है। इसकी पुष्टि बिहार भाजपा के नेता दिलीप जायसवाल ने की। जायसवाल ने बताया कि उन्हें भी मंत्री बनाए जाने के लिए सूचना मिल चुकी है।
शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12:10 बजे आयोजित होगा, जिसमें राज्यपाल नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। बिहार की राजनीति में यह कैबिनेट विस्तार काफी अहम माना जा रहा है। यह बदलाव उस सत्ता परिवर्तन के बाद हो रहा है, जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री का पद छोड़ा और वरिष्ठ भाजपा नेता सम्राट चौधरी सीएम बने। सम्राट चौधरी ने 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



