Connaught Place Traffic Drive: राजधानी को जाम मुक्त बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर के बाहर मंगलवार को सख्त कार्रवाई की गई। गलत पार्किंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ चलाए गए इस ड्राइव में महज एक दिन में 201 चालान काटे गए। नई दिल्ली रेंज के ट्रैफिक डीसीपी शोभित डी. सक्सेना के अनुसार, यह अभियान ट्रैफिक पुलिस और एनडीएमसी के संयुक्त प्रयास से चलाया गया। ड्राइव के दौरान सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिससे इलाके में जाम की समस्या को कम किया जा सके।
क्रेन की मदद से 5 गाड़ियों को उठाया
कार्रवाई के दौरान कुल 88 ई-चालान और 108 वोका चालान जारी किए गए, जबकि एनडीएमसी की क्रेन की मदद से 5 गाड़ियों को उठाया गया। इसके अलावा ट्रैफिक के फ्लो के विपरीत दिशा में वाहन चलाने पर एक टीएसआर चालक के खिलाफ कनॉट प्लेस थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई। ड्राइव के दौरान लोगों को आसपास उपलब्ध अधिकृत पार्किंग सुविधाओं के बारे में जागरूक किया गया और वहीं वाहन खड़ा करने के लिए प्रेरित किया गया। इनमें बीकेएस मार्ग स्थित एनडीएमसी मल्टी-लेवल कार पार्किंग और हनुमान मंदिर के सामने निर्धारित पार्किंग शामिल हैं। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि ट्रैफिक सुचारू रहे और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है।


Download Android App
Download iOS App




