बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से रांची तक 73 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेगी भाजपा

Summary :

रांची, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा झारखंड में तीन दिवसीय पदयात्रा निकालेगी। यह यात्रा 13 नवंबर को खूंटी जिले के उलिहातू स्थित बिरसा मुंडा की जन्मस्थली से शुरू होकर 15 नवंबर को रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर समाप्त होगी। लगभग 73 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में भाजपा के प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके अलावा 17 से 20 नवंबर तक राज्य के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और…

रांची, 11 नवंबर (आईएएनएस)। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा झारखंड में तीन दिवसीय पदयात्रा निकालेगी। यह यात्रा 13 नवंबर को खूंटी जिले के उलिहातू स्थित बिरसा मुंडा की जन्मस्थली से शुरू होकर 15 नवंबर को रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर समाप्त होगी।

लगभग 73 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में भाजपा के प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके अलावा 17 से 20 नवंबर तक राज्य के विभिन्न प्रमंडलों में जनजातीय गौरव सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सांसद समीर उरांव ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में 11 से 18 नवंबर तक देशभर में राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, बलिदान और योगदान को याद किया जाएगा।

उरांव ने बताया कि पदयात्रा 13 नवंबर को सुबह 10 बजे उलिहातू से शुरू होगी। पहले दिन यात्रा सायको मोड़ और झीलकिता मोड़ होते हुए खूंटी पहुंचेगी। यहां शाम छह बजे भाजपा कार्यालय में रात्रि विश्राम होगा। 14 नवंबर को सुबह 10 बजे खूंटी से आगे बढ़कर यात्रा कालामाटी, तुपुदाना चौक, हटिया चौक, बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए रांची के जेल चौक स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचेगी। यहां शाम छह बजे यात्रा का पड़ाव होगा।

15 नवंबर को सुबह नौ बजे जेल चौक से पदयात्रा शुरू होगी और सुबह 11 बजे कोकर स्थित बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि के साथ इसका समापन होगा। राज्य में 17 नवंबर को गुमला के सिसई रेडवा बगीचा और रायडीह में कार्यक्रम होंगे। 18 नवंबर को साहिबगंज के भोगनाडीह में संथाल परगना और चाईबासा में कोल्हान प्रमंडल का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 19 नवंबर को पलामू के दूबियाखार स्थित मेदिनीराय चौक और रांची के सिलागाई में कार्यक्रम होंगे।

20 नवंबर को गुमला के विशुनपुर प्रखंड स्थित चिंगरी में सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। समीर उरांव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के शोषण और अत्याचार के खिलाफ उलगुलान का नेतृत्व किया था। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए जनजातीय समाज को संगठित किया। कार्यक्रमों में तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, बुधु भगत, तेलंगा खड़िया, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू और कोमराम भीम जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को भी याद किया जाएगा।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएमटी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.