बेंगलुरू : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा पिछले दरवाजे से सत्ता तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में ‘‘अनैतिक, अवैध और गैरसंवैधानिक’’ सरकार आने वाली है।
मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन के विश्वासमत हासिल करने में विफल रहने के बाद सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘भाजपा पिछले दरवाजे से सत्ता में आ रही है। उन्हें (भाजपा) लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। उन्होंने पाला बदलवाने का काम किया, खरीद-फरोख्त की और विधायकों को प्रलोभन दिया। ’’
उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत गठबंधन सरकार बनी थी। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सरकार बनाने के लिए बागियों को खरीदा जबकि उसके पास जनमत नहीं है ।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और जद (एस) को साथ मिलाकर 56 प्रतिशत वोट मिले थे जबकि भाजपा को महज 36 प्रतिशत वोट मिले।’’
सिद्धरमैया ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सरकार बनाने के लिए संवैधानिक प्रावधानों को नजरंदाज किया । उन्होंने कहा, ‘‘अनैतिक, गैर कानूनी और असंवैधानिक सरकार सत्ता में आने वाली है।’’


Download Android App
Download iOS App



