भाजपा विधायक हरीश खुराना ने की ओवैसी की तारीफ, कांग्रेस को दी नसीहत

Summary :

हरीश खुराना ने विपक्ष को दी नसीहत, ओवैसी की तारीफ की

भाजपा विधायक हरीश खुराना ने असदुद्दीन ओवैसी के ‘देश की बात आने पर एकजुट’ होने के बयान का समर्थन किया और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों को देशहित की सीख दी। खुराना ने विपक्षी नेताओं पर पाकिस्तान के पक्ष में बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश की जनता देख रही है और वक्त आने पर जवाब मिलेगा।

एआईएमआईएम के प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी के ‘देश की बात आने पर एकजुट’ होने वाले बयान का भाजपा विधायक हरीश खुराना ने समर्थन किया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों को ओवैसी से सीखने की सलाह दी।

भाजपा विधायक हरीश खुराना ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “जो वह कर रहे हैं, यह अच्छी बात है। मगर मुझे लगता है कि कुछ विपक्षी नेताओं को यह सलाह मिलनी चाहिए कि जब देश की बात आती है, तो कोई भी देश से ऊपर नहीं है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे कुछ विपक्षी नेता, खासकर कांग्रेस के कुछ नेता ऐसी भाषा बोल रहे हैं जो पाकिस्तान के पक्ष में जाती लगती है। उनके शब्दों को पाकिस्तानी मीडिया में कोट किया जा रहा है, जो सही संदेश नहीं देता। मुझे लगता है कि देश की जनता भी यह सब देख रही है। उन्हें भी पता है कि कौन देश के साथ है और कौन नहीं। वक्त आने पर देश के ‘जयचंदों’ को जवाब जरूर मिलेगा।”

भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने पर भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा, “यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण। पिछले 11 वर्षों में देश ने जिस तरह से प्रगति की है, वह उल्लेखनीय है। पहले हम पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने थे, लेकिन आज हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। प्रधानमंत्री का सपना है कि हम जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे।”

‘मन की बात’ कार्यक्रम पर हरीश खुराना ने कहा, “मन की बात कार्यक्रम कभी राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होता, यह एक सामाजिक कार्यक्रम होता है, जिसमें सामाजिक संदेश दिया जाता है। जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी कई सालों से लोगों के मुद्दे उठाते आ रहे हैं और प्रेरणादायक संदेश देते आ रहे हैं, उससे हमें प्रेरणा मिलती है। निश्चित तौर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद आज पहली बार प्रधानमंत्री मन की बात कार्यक्रम हुआ है।”

‘पाकिस्तान ने दोबारा कोई दुस्साहस किया तो…’, बहरीन में ओवैसी ने PAK की ईंट से बजा दी ईंट

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.