भाजपा सांसद संजय काकड़े का दावा, गुजरात में हार रही है पार्टी

Summary :

NULL

गुजरात विधानसभा चुनाव में जहां एग्जिट पोल में बीजेपी जीतती हुई दिखाई दे रही है। वही, महाराष्ट्र के बीजेपी सांसद (राज्यसभा) संजय काकड़े ने गुजरात में अपनी पार्टी के हारने की भविष्यवाणी की है।

काकड़े ने दावा किया है कि पूर्ण बहुमत को भूल जाइए, पार्टी को सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीटें नहीं मिलेंगी। वहीं उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंचेगी। काकड़े ने कहा कि यदि फिर भी पार्टी ने राज्य में सत्ता कायम रखी तो भी यह सिर्फ और सिर्फ नरेंद्र मोदी के चलते होगी।

काकड़े ने खुद के द्वारा किये गए सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि उनके सर्वे के मुताबिक गुजरात में बीजेपी का प्रदर्शन वैसा नहीं होगा जैसी सबको उम्मीद है। संजय काकड़े ने आगे कहा कि पार्टी को शायद इस बार गुजरात में सीएम की कुर्सी हाथ न लगे।

उन्होंने कहा कि मैंने छह लोगों की एक टीम गुजरात भेजी थी। वे ज्यादातर ग्रामीण इलाकों में गए जहां वे लोग किसानों, चालकों, वेटरों और श्रमिकों से मिले। उनके सर्वेक्षण के आधार पर और खुद के अवलोकन से मुझे लगता है कि बीजेपी को गुजरात में पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा। काकड़े ने अपने अनुमान के लिए बीजेपी सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर का जिक्र किया।

उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि पिछली कुछ रैलियों में पार्टी नेताओं ने विकास पर एक शब्द नहीं बोला। पार्टी के खिलाफ नकरात्मक भावना की कीमत बीजेपी को चुकानी पड़ सकती है।

पीएम मोदी को लेकर हुई बातचीत में संजय काकड़े ने कहा, “जब से मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, वह राज्य से जुड़े मुद्दों पर उस तरह से ध्यान नहीं दे सके हैं जैसे सीएम रहते हुए दे पाते थे। साथ ही पिछले तीन साल में ऐसा कोई उम्मीदवार नहीं हुआ जो सीएम के पद पर मोदी की जगह ले सके।”

इसके अलावा बीजेपी सांसद ने हार्दिक पटेल की सेक्स सीडी जारी करने को भी गलत बताया है। उनका मानना है कि इस तरह से हार्दिक से निपटने की कोशिश एक गलत कदम था।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team