लद्दाख में लंबे समय से भारत के साथ संघर्ष की स्थिति में मौजूद चीन को उस वक्त शर्मिदगी झेलनी पड़ी, जब नई दिल्ली स्थित इसके दूतावास के बाहर ताइवान के समर्थन में पोस्टर चिपके मिले। पोस्टर में ताइवान के नेशनल डे पर उसे बधाई दी गई है। चीनी दूतावास के लिए और दिल दुखा देने वाली बात यह थी कि यह काम केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा के दिल्ली इकाई के प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने किया।
पोस्टर देर रात लगाए गए थे और इसे सुबह देखा गया। भाजपा के कपिल मिश्रा ने बग्गा को इसके लिए बधाई तक दे डाली।
इससे कुछ दिन पहले, 7 अक्टूबर को ही चीन ने भारतीय मीडिया के लिए एक पत्र जारी कर कहा था कि ताइवान को एक देश के रूप में प्रदर्शित न करे या साई इंग वेन को ताइवान की राष्ट्रपति न बताए।
बग्गा के इस कार्य पर ताइवान के एमपी और इसके विदेश मामलों की समिति के सह अध्यक्ष वांग तीन यू ने भारतीयों को शुक्रिया कहा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ताइवान के लोग आपकी भावना और बेखौफ प्रतिबद्धता के आभारी है। आप उस चीज के लिए खड़े हुए जो सही है।
वहीं चीनी सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स ने इसपर कड़ी आपत्ति जताई है। हालांकि बग्गा ने भी ग्लोबल टाइम्स को करारा जवाब दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘जब आपके राष्ट्रपति बीते वर्ष भारत आए थे, हमने अतिथि देवो भव की भावना के साथ उनका स्वागत किया था। लेकिन आपके देश ने लद्दाख में हमारे पीठ पर खंजर घोंपा। आपने हमारा विश्वास तोड़ा। आपने आग के साथ खेलना शुरू किया। आपने संबंध खराब किया। अब हम आपको सूद समेत वापस कर रहे हैं। अभी और आएगा.इंतजार कीजिए और देखिए। ‘


Download Android App
Download iOS App



