प्रदूषण पर दिल्ली की केजरीवाल सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय के दावे पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने कहा है कि यह चौंकाने वाली बात है कि गोपाल राय प्रदूषण की स्थिति में सुधार का दावा कर रहे हैं, जबकि हर दिल्लीवासी या तो खांस रहा है या सिरदर्द और आंखों में जलन की शिकायत कर रहा है।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गोपाल राय के दावे पर सवाल खड़ा किया
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गोपाल राय के दावे पर सवाल खड़ा करते हुए आगे कहा कि यह देखकर आश्चर्य होता है कि गोपाल राय ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को पत्र लिखकर दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति को खराब करने वाली दिल्ली सरकार की जवाबदेही से बचाने का प्रयास करते हुऐ प्रदूषण पर उत्तरी राज्यों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। शुक्रवार को गोपाल राय ने ट्वीट कर कहा था कि दिल्ली में प्रदूषण की खराब स्थिति में पड़ोसी राज्यों में फसल अवशेष जलाने का 69 फीसदी योगदान है। सचदेवा ने कहा कि नासा की सैटेलाइट तस्वीरों समेत हर दूसरी एजेंसी से पता चला है कि फसल अवशेष जलाने में पंजाब का योगदान सबसे ज्यादा है।
सचदेवा : पंजाब के किसानों को फसल अवशेष जलाने पर रोक लगाए
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को पत्र लिखने से पहले दिल्ली के मंत्री गोपाल राय को यह बताना चाहिए कि प्रदूषण पर दिल्ली और पंजाब सरकार ने कब कोई संयुक्त बैठक की, जबकि पंजाब और दिल्ली दोनों में आम आदमी पार्टी की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि अरविंद केजरीवाल पंजाब के किसानों को मुआवजा और तकनीकी सहायता देकर फसल अवशेष जलाने पर रोक लगाकर दिल्ली और पंजाब दोनों के लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरें।


Download Android App
Download iOS App




