बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार की शुरुआत भी हंगामे के साथ हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पति-पत्नी के संबंध में सदन में दिए गए एक बयान को लेकर सीएम के इस्तीफे की मांग पर अड़ी भाजपा के विधायकों ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू कर दिया। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के सदस्य वेल में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी सदस्यों को बार बार अपने स्थान पर जाने का आग्रह करते रहे, लेकिन हंगामा जारी रहा।
प्रश्नकाल चलाने की कोशिश
इस बीच अध्यक्ष ने हालांकि प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। भाजपा के सदस्यों ने इस दौरान कुर्सियां उठा ली। अध्यक्ष ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के नाम नोट करने के आदेश दिए तथा कारवाई करने की भी बात कही, लेकिन भाजपा के सदस्य शांत नहीं हुए और हंगामा करते रहे। अध्यक्ष चौधरी ने इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही दो बजे दिन तक के लिए स्थगित कर दी। गुरुवार को सरकार आरक्षण संशोधन बिल पेश करने वाली है। इधर, भाजपा मुख्यमंत्री के इस्तीफे को लेकर अड़ी हुई है। बुधवार को भी विधानमंडल के दोनो सदनों में हंगामा हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



