बोर्ड परीक्षा प्रारंभ छात्रों में कहीं दिखा उत्साह तो कहीं दिखी चिंता

Summary :

बोर्ड परीक्षा: 10वीं के छात्रों ने जताई तैयारी, फिर भी चिंता बरकरार

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई की परीक्षाएं शनिवार 15 फरवरी से प्रारंभ हो गई हैं। शनिवार को मुख्य परीक्षा 10वीं कक्षा के लिए इंग्लिश विषय की है। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे कई छात्र एग्जाम को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। वहीं कुछ छात्रों ने परीक्षा को लेकर चिंता भी जताई। पूर्वी दिल्ली के एक परीक्षा केंद्र पर पहुंचे 10वीं कक्षा के छात्र दीपांशु ने बताया कि वह परीक्षा की पूरी तैयारी कर चुके हैं। बावजूद इसके दीपांशु चिंतित थे। उनका कहना था कि उनकी चिंता की वजह यह है कि इन परीक्षाओं में वह अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं।

वहीं 12वीं कक्षा के छात्र एंटरप्रेनरशिप विषय की परीक्षा दे रहे हैं। यह बोर्ड परीक्षाएं पूरे भारत भर में आयोजित की गई हैं। इसके अलावा देश के बाहर भी कई विदेशी शहरों में सीबीएसई बोर्ड की यह परीक्षाएं हो रही हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में करीब 44 लाख से अधिक छात्र सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। पहले दिन 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए आयोजित इंग्लिश की परीक्षा सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू हुई। परीक्षा दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक होगी।

10वीं बोर्ड की परीक्षा देने आई प्रेजेंटेशन कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा यशिका का कहना था कि वह बोर्ड परीक्षा को लेकर काफी उत्साहित हैं। यशिका ने कहा कि यह पहली बार है जब वह इस तरह की परीक्षा में शामिल हुई हैं। यह एकदम नया अनुभव है और इससे वह काफी उत्साहित हैं। परीक्षा केंद्र पर वह अपनी दादी के साथ आई थी।

ग़ौरतलब है कि बोर्ड परीक्षाएं अप्रैल माह के शुरुआत तक चलेंगी और प्रतिदिन परीक्षा का यही शेड्यूल रहेगा। छात्र सुबह नौ बजे से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। बोर्ड ने सभी छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने का निर्देश दिया है। सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं इसी समय पर हो रही हैं।

वहीं बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने भी छात्रों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। परीक्षा के दिनों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सीआईएसएफ के साथ साझेदारी में विशेष उपाय लागू किए हैं। इसके तहत मेट्रो स्टेशनों पर सीबीएसई एडमिट कार्ड दिखाने पर छात्रों को सुरक्षा जांच में प्राथमिकता दी गई। टिकट केंद्रों व कस्टमर केयर केंद्रों पर टिकट खरीदने में भी एडमिट कार्ड दिखाने वाले छात्रों को प्राथमिकता मिली।

परीक्षा को लेकर सीबीएसई ने विशेष गाइडलाइंस पहले से ही जारी कर रखी है। छात्रों को सीबीएसई की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। निर्देशों का अनुपालन न करने पर बोर्ड कार्रवाई कर सकता है। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी हो रही है। छात्र परीक्षा केंद्र पर पीने के पानी की ट्रांसपेरेंट बोतल ले जा सकते हैं, लेकिन किसी भी तरह के डिजिटल डिवाइस परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं है। परीक्षा केंद्र में बस पास, मेट्रो कार्ड, पैसे व एनालॉग घड़ी ले जाने की अनुमति है। स्टेशनरी जैसे कि पेन, पेंसिल, इरेजर व जियोमेट्री बॉक्स भी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.