गंगा नदी में मिल रहे शवों के अंबार को लेकर राहुल का केंद्र पर तंज, बोले- रेत में सिर दफनाए रहता है मोदी सिस्टम

Summary :

देश में कोरोना वायरस की जानलेवा दूसरी लहर का तांडव लगातार बढ़ता जा रहा है, इसी बीच गंगा नदी में मिल रहे शवों के अंबार को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।

देश में कोरोना वायरस की जानलेवा दूसरी लहर का तांडव लगातार बढ़ता जा रहा है, इसी बीच गंगा नदी में मिल रहे शवों के अंबार को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। केरल के वायनाड से सांसद और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘गंगा मां की रेत से दिखता हर शव का कपड़ा कहता है कि उसी रेत में सर दफनाए मोदी सिस्टम रहता है!’
बता दें कि राहुल गांधी कोरोना वायरस की दूसरी लहर से बिगड़ी देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लगभग हर दिन केंद्र पर निशाना साध रहे हैं। इससे पहले उन्होंने बुधवार को भी वैक्सीन की कमी और कोरोना से हो रही मौतों के आंकड़े बढ़ने को लेकर केंद्र पर हमला बोला था। राहुल ने अपने ट्वीट में कहा था, ‘वैक्सीन कम होती जा रही हैं और कोविड मृत्यु बढ़ती जा रही हैं। केंद्र सरकार की नीति- ध्यान भटकाओ, झूठ फैलाओ, शोर मचाकर तथ्य छुपाओ।’

वहीं अगर बात करें देश में कोरोना आंकड़ों की तो एक दिन मे कोविड-19 के 2,76,110 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,57,72,440 हो गई। वहीं, संक्रमण से 3,874 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,87,122 हो गई। देश में चार दिन बाद 24 घंटे में संक्रमण से मौत के चार हजार से कम मामले सामने आए हैं। 

Desk Team