कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने बृहस्पतिवार को संकेत दिया कि पुलिस और गृह विभाग लॉकडाउन के उपायों को और प्रभावी बनाने के लिए उनका सख्त क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। राज्य में कोविड-19 की दूसरी लहर का प्रकोप जारी है और मंत्री के मुताबिक आने वाले दिनों में उपायों को लागू करने में और सख्ती बरती जाएगी।
मंत्री का बयान ऐसे समय आया है जब सरकार आने वाले कुछ दिनों में राज्य में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने पर फैसला ले सकती है। बोम्मई ने कहा, “ग्रामीण इलाकों में मामले बढ़ रहे हैं, ऐसे में विभिन्न जिलों के उपायुक्तों ने लॉकडाउन के उपायों को सख्ती से लागू किया है, लोगों को भी गंभीरता को समझना चाहिए और सहयोग करना चाहिए।” उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि आने वाले दिनों में पुलिस या गृह विभाग की तरफ से उठाए जा रहे कदम, मसलन अनावश्यक आवाजाही कर रहे लोगों के वाहनों को जब्त कर लेना आदि को और प्रभावी बनाया जाएगा।
लॉकडाउन बढ़ाने के सवाल के जवाब में बोम्मई ने कहा कि मुख्यमंत्री के अनुसार इसपर 23 मई को घोषण की जाएगी। कर्नाटक सरकार ने शुरू में 27 अप्रैल से 14 दिन की ‘बंदी’ (क्लोज डाउन) घोषित की थी लेकिन कोविड मामले के लगातार बढ़ने के मद्देनजर बाद में 10 मई से 24 मई तक पूर्ण लॉकडाउन घोषित कर दिया गया था। अगले हफ्ते की शुरुआत में मौजूदा लॉकडाउन समाप्त होने से पहले कई नेता इसे बढ़ाने के पक्षधर हैं।


Download Android App
Download iOS App



