प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब से मुलाकात की जिसमें दोनों नेताओं ने अपने सामरिक संबंधों के विभिन्न आयामों पर चर्चा की।
UK Foreign Secretary @DominicRaab called on PM @narendramodi.
Discussions covered various facets of our strategic partnership. pic.twitter.com/WwQMAblrmF— Anurag Srivastava (@MEAIndia) December 16, 2020
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान हमारे सामरिक गठजोड़ के विविध आयामों पर चर्चा हुई। ’’ राब 14 से 17 दिसंबर तक की भारत यात्रा पर आए हैं। इस दौरान ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने मंगलवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक की।
मंगलवार को विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने अपने संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के लिये 10 वर्षो का महात्वाकांक्षी खाका तैयार करने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देशों ने हिन्द प्रशांत क्षेत्र में सामरिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जतायी। दोनों पक्षों ने बैठक के दौरान विविध विषयों पर व्यापक चर्चा की। इस दौरान जयशंकर और राब ने कारोबारी गठजोड़ को आगे बढ़ाने के रास्तों पर चर्चा की जो भविष्य में मुक्त व्यापार समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकता है।
जयशंकर ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि दोनों पक्षों ने चार घंटे तक विविध विषयों पर व्यापक चर्चा की और इस बात पर ध्यान केंद्रित किया गया कि अपने द्विपक्षीय संबंधों को उच्च स्तर तक कैसे ले जाया जाए। इस दौरान कारोबार एवं समृद्धि, रक्षा एवं सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, लोगों से लोगों के बीच सम्पर्क, स्वास्थ्य सेवा जैसे पांच क्षेत्रों पर चर्चा हुई । दोनों पक्षों ने अफगानिस्तान, हिन्द प्रशांत एवं पश्चिम एशिया से जुड़े घटनाक्रमों की समीक्षा की।
जयशंकर ने कहा, ‘‘ कुल मिलाकर हमारी चर्चा काफी सार्थक रही और हमारा गठजोड़ अधिक महत्वाकांक्षी एवं परिणामदायक बना है।’’ ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने बताया था , ‘‘ हमारे प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है जो बड़े सम्मान की बात है।’’ ब्रिटेन के विदेश मंत्री का आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात का कार्यक्रम है।


Download Android App
Download iOS App



