चुनावी राज्यों के लिए बजट में खुला खजाने का पिटारा, हजारों करोड़ रुपये के पैकेज का हुआ ऐलान

Summary :

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में उन्होंने ने पश्चिम बंगाल, केरल और असम के लिए हजारों करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आज कोरोना महामारी के बीच 2021-22 का बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण प्रस्तावों में आगामी विधानसभा चुनाव का भी ध्यान रखा। बजट भाषण में उन्होंने ने पश्चिम बंगाल, केरल और असम के लिए हजारों करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है। उन्होंने रोड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए कुल 2.27 लाख करोड़ का ऐलान किया। इस ऐलान में खास बात यह है कि बंगाल से ज्यादा ध्यान तमिलनाडु का रखा गया है। तमिलनाडु में हाईवे प्रोजेक्ट्स के लिए 1 लाख करोड़ रुपये की रकम का ऐलान किया। 
वित्त मंत्री ने कहा कि इस साल 3500 किमी नए राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए जाएंगे। वित्त मंत्री ने असम, केरल और पश्चिम बंगाल में राजमार्ग बनाने के लिए बजट की भी घोषणा की। सरकार ने बंगाल में 25 हजार करोड़ रुपये की लागत से हाईवे बनाने का ऐलान किया है। इन नेशनल हाईवे की लंबाई 675 किलोमीटर होगी। इसके अलावा बजट में वित्त मंत्री ने कोलकाता-सिलीगुड़ी रोड का अपग्रेडेशन करने का भी ऐलान किया है। 
वहीं असम में हाईवे निर्माण के लिए 35 हजार करोड़ रुपये जारी होंगे। सरकार ने कन्याकुमारी कॉरिडोर के निर्माण के लिए 65 हजार करोड़ आवंटित करने की घोषणा की है। सीतारमण ने बजट भाषण में कहा है कि अगले साल 8,500 किलोमीटर के रोड प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे।
वित्त मंत्री ने बताया कि असम में 19 हजार करोड़ रुपये की सड़क से जुड़ी परियोजनाओं का विस्तार किया जाएगा। आने वाले तीन सालों में 1300 किलोमीटर लंबी सड़कें असम में बनेंगी। आपको बता दें कि निर्मला सीतारमण ने असम में आने वाले तीन साल में हाईवे और इकॉनोमिक कॉरिडोर के निर्माण का भी ऐलान किया है । 

Desk Team