मोरीगांव : असम पुलिस ने दिग्गज गायक-संगीतकार भूपेन हजारिका पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि आरटीआई कार्यकर्ता राजू महंत की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। महंत ने आरोप लगाया कि खड़गे ने असमी लोगों की भावनाओं को आहत किया है।
खड़गे ने लिंगायत समुदाय के आध्यात्मिक नेता शिवकुमार स्वामी को भारत रत्न ना देने और इसके बजाय ‘‘एक गायक (भूपेन हजारिका) और आरएसएस की विचारधारा का प्रचार करने वाले एक शख्स (नानाजी देशमुख)’’ को भारत रत्न देने पर शनिवार को केंद्र की आलोचना की थी। शिवकुमार स्वामी का हाल ही में निधन हो गया था।
बैंकरों पर “अविवेकपूर्ण निशाने” के लिये चिदंबरम ने CBI की आलोचना की
मोरीगांव जिले के पुलिस अधीक्षक स्वप्निल डेका ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘मोरीगांव थाने में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।’’
मध्य असम के सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन ‘सहाई’ के अध्यक्ष महंत ने पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस नेता की टिप्पणी आपत्तिजनक है और इससे असम और उसके लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं इसलिए उन्होंने मामला दर्ज कराया है। उन्होंने लोकसभा में कांग्रेस के नेता खड़गे से माफी की मांग की।


Download Android App
Download iOS App



