द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने दिल्ली में कांग्रेस नेता पी चिदंबरम के बंगले में प्रवेश करने के लिए दीवार फांदने को लेकर सीबीआई अधिकारियों पर गुरुवार को हमला बोला और कहा कि उनकी नजर में यह ‘‘भारत का अपमान’’ है। स्टालिन की पार्टी द्रमुक, कांग्रेस की सहयोगी है।
स्टालिन ने चिदंबरम का समर्थन करते हुए कहा कि पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी के पीछे ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने सीबीआई अधिकारियों को (चिदंबरम के दिल्ली आवास पर) दीवारें फांदते टीवी पर देखा। मैं इसे भारत का अपमान मानता हूं। यह निंदनीय है।’’
चिदंबरम की गिरफ्तारी को CM ममता बनर्जी ने बताया निराशाजनक
चिदंबरम प्रकरण में सीबीआई की भूमिका के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में स्टालिन ने कहा कि उन्होंने पहले ही बुधवार को कहा था कि यह ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ है। उन्होंने कहा कि जब भी चिदंबरम को तलब किया गया था, वह संबंधित एजेंसियों के सामने पेश हुए थे।
स्टालिन ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने चिदंबरम की याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करने का फैसला किया। ‘‘इस बीच उनकी गिरफ्तारी होना राजनीतिक प्रतिशोध का इरादा है।’’ कश्मीर मुद्दे पर दिल्ली में गुरुवार को विरोध किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि द्रमुक की अगुवाई में संघर्ष सफल रहा और इसमें कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, माकपा और नेकां सहित विभिन्न राजनीतिक दलों ने भाग लिया।


Download Android App
Download iOS App



