नयी दिल्ली : ‘चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ’ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत ने इस नये पद का प्रभार संभालने के शीघ्र बाद बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
सीडीएस का पद सेना के तीनों अंगों–थल सेना, नौसेना और वायुसेना– में समन्वय स्थापित करने और भारत के सैन्य कौशल के मजबूत करने के लिए सृजित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सीडीएस ने शिष्टाचार के नाते मुलाकात की।
रक्षा मंत्री के कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘रक्षा मंत्री ने सफल कार्यकाल के लिए जनरल रावत को शुभकामनाएं दी हैं।’’ थल सेना प्रमुख के रूप में जनरल रावत के तीन साल के कार्यकाल के बाद उनके सेवानिवृत्त होने से एक दिन पहले उन्हें सोमवार को सीडीएस नियुक्त किया गया था।
सीडीएस को संयुक्त कमान गठित करने सहित संचालनों में सहयोग (सेना के तीनों अंगों के) द्वारा संसाधनों के सबसे बेहतर उपयोग के लिए सैन्य कमानों के पुनर्गठन को प्रोत्साहित करने का एक मुख्य अधिकार प्राप्त है। अधिकारियों ने बताया कि तीन साल के अंदर सेना के तीनों अंगों के साजो-सामान, परिवहन, प्रशिक्षण, मदद सेवाएं, संचार, मरम्मत और रख-रखाव में जुड़ाव लाना भी सीडीएस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
साइबर और अंतरिक्ष से जुड़ी सेना के तीनों अंगों की एजेंसियों, संगठनों और कमानों को भी सीडीएस की कमान के तहत लाया गया है। वह परमाणु कमान प्राधिकरण के सैन्य सलाहकार के रूप में भी काम करेंगे। सीडीएस को रक्षा मंत्री की अध्यक्षता वाली रक्षा खरीद परिषद् और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) की अध्यक्षता वाली रक्षा योजना समिति का सदस्य भी बनाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



