केंद्र सरकार का ऐलान, सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में शुरू होगा टीकाकरण का पूर्वाभ्यास

Summary :

केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि 2 जनवरी को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया जाएगा।

केंद्र सरकार ने गुरुवार को कहा कि 2 जनवरी को सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों द्वारा कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) किया जाएगा। इस कवायद को सभी राज्यों की राजधानियों में कम से कम तीन सत्र स्थलों पर अंजाम दिए जाने का प्रस्ताव है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कुछ राज्यों में इस कवायद को ऐसे जिलों में भी अंजाम दिया जाएगा जहां पहुंचना आसान नहीं है तथा जहां साजो-सामान संबंधी सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था नहीं है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र और केरल का अपनी राजधानियों के अलावा बड़े शहरों में टीकाकरण के पूर्वाभ्यास को अंजाम दिए जाने की संभावना है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास शुरू करने की प्रभावी तैयारियां शुरू करने को भी कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बृहस्पतिवार को प्रधान स्वास्थ्य सचिवों और सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की और कोविड-19 टीकाकरण के लिए सत्र स्थलों पर तैयारियों की समीक्षा की।

Desk Team